नई दिल्ली: नाइजीरिया की नेशनल ड्रग लॉ एनफोर्समेंट एजेंसी ने एक अमेरिकी पेशेवर बास्केटबॉल खिलाड़ी को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। 28 वर्षीय ग्रीन डेमोंटे खिरी नामक इस खिलाड़ी को 11 नवंबर को लागोस के इकेजा स्थित मुर्तला मुहम्मद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दबोचा गया। एजेंसी के अधिकारियों ने उसके पास से 33.95 किलोग्राम 'लाउड' बरामद किया है जो गांजे की एक बेहद खतरनाक और उच्च क्षमता वाली किस्म मानी जाती है।

कड़ी निगरानी में था खिलाड़ी

एजेंसी द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, ग्रीन डेमोंटे खिरी 11 नवंबर को थाईलैंड से दुबई होते हुए एमिरेट्स एयरलाइंस की उड़ान से लागोस पहुंचा था। हवाई अड्डे पर उतरने के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों को उसकी गतिविधियों पर संदेह था जिसके चलते उसे कड़ी निगरानी में रखा गया था। अधिकारियों ने देखा कि खिरी ने चालाकी दिखाते हुए अपने दो चेक-इन बैग हवाई अड्डे पर ही लावारिस छोड़ दिए और केवल अपने हैंड बैगेज के साथ बाहर निकलने की कोशिश करने लगा लेकिन सतर्क अधिकारियों ने उसे एयरपोर्ट की कार पार्किंग से धर दबोचा।

33 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

गिरफ्तारी के बाद जब सुरक्षा कर्मियों ने हवाई अड्डे पर छोड़े गए उन दोनों बैगों की तलाशी ली जिन पर खिरी के नाम के टैग लगे हुए थे तो उनके होश उड़ गए। दोनों बैगों में 16-16 पैकेट छिपाकर रखे गए थे जिनमें कुल 32 पार्सल 'लाउड' भरे हुए थे और इनका कुल वजन 33.95 किलोग्राम निकला। इसके अलावा, जांच अधिकारियों को उन बैगों के भीतर से एक ट्रैकिंग डिवाइस भी बरामद हुआ है जिससे इस तस्करी के पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के जुड़े होने की आशंका गहरा गई है।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी खिलाड़ी अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत के सवाना शहर का मूल निवासी है। खिरी ने जांच अधिकारियों को बताया कि वह अक्टूबर 2025 से थाईलैंड में रह रहा है जहां वह पेशेवर स्तर पर बास्केटबॉल खेलता है। उसने यह भी दावा किया कि वह छुट्टियां मनाने और अपने बास्केटबॉल करियर के लिए नए संपर्क बनाने के उद्देश्य से नाइजीरिया आया था।

मोबाइल फोन की जांच में क्या मिला?

हालांकि, बास्केटबॉल खिलाड़ी के इन दावों की पोल तब खुल गई जब एजेंसी ने उसके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की। मोबाइल के डेटा और फॉरेंसिक विश्लेषण से ऐसे कई पुख्ता सबूत मिले हैं, जो सीधे तौर पर इस बात की ओर इशारा करते हैं कि खिरी को इस ड्रग तस्करी की पूरी जानकारी थी और वह सक्रिय रूप से इस अवैध गतिविधि में शामिल था। फिलहाल नाइजीरियाई एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।