यूपी में गुरुवार को सीजन का पहला घना कोहरा पड़ा। आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस समेत 7 गाड़ियां टकरा गईं। ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। 14 लोग घायल हैं। बस दिल्ली से गाजीपुर जा रही थी।

मऊ में हाईवे पर कोहरे में 2 बसों की टक्कर हो गई। एक बस बारात लेकर जा रही थी। हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। बहराइच में ठंड से बचने के लिए परिवार के साथ अलाव ताप रही 3 साल की बच्ची जल गई। उसके हाथ और पेट झुलस गए।

इससे पहले, सुबह गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, जौनपुर, मुजफ्फरनगर और संभल समेत 25 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 10 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया।

प्रदेश में रात का पारा 10°C से नीचे आ गया। मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 9.5°C रिकॉर्ड किया गया। कानपुर और मेरठ में भी पारा 10°C तक पहुंच गया। दिन में झांसी, प्रयागराज और बांदा में पारा 30°C दर्ज किया गया।

'अकवान' तूफान का असर, 2 दिन बारिश होगी

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बने 'अकवान' चक्रवात के असर से प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। 21 और 22 नवंबर को पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं। भीषण ठंड के साथ गलन और कोहरा भी बढ़ेगा।


आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, 3 की मौत, 14 घायल

आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। एक स्लीपर बस किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। बस ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बस दिल्ली से गाजीपुर जा रही थी। इसके बाद बस के पीछे आ रहीं कई गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकराती चली गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पास यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे हुआ।


लखनऊ में तूफान 'अकवान' का दिखेगा असर, 2 दिन बारिश होगी

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब लखनऊ के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस तूफान के प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में एक बार फिर 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड में बढ़ेगी।


मऊ में गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर दो बसें आमने-सामने टकरा गईं। हादसा कोपागंज थाना क्षेत्र के शहरोज मोड़ के पास हुआ। बेल्थरारोड से लखनऊ जा रही शिवगंगा बस की गाजीपुर से बारात लेकर गोरखपुर गई बस से भिड़ंत हो गई। 15 यात्री घायल हो गए।


गाजीपुर में गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 15 मीटर रह गई। सुबह करीब 4 बजे से कोहरा छाना शुरू हुआ, जिसका असर 7:30 बजे तक रहा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घनी धुंध छाई रही।


जौनपुर में गुरुवार सुबह घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत हुई। कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर रह गई। सुबह के समय सड़कों पर धुंध छाई रही, जिससे मौसम में ठंडक महसूस हुई। ठंड के साथ तापमान में भी गिरावट के संकेत मिलने लगे हैं।


संभल में गंगा किनारे के हाईवे पर कोहरे की धुंध रहीं, विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई। न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सुबह हुई है, अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचेगा। शाम तक 7 डिग्री सेल्सियस गिरेगा।


बलिया में गुरुवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। विलिजबिलिटी 10 से 20 मीटर रह गई। कोहरे के साथ ठंड में भी हो इजाफा होने लगा है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।