नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर से संकट गहरा गया है। यही वजह है कि कच्चे तेल की ढुलाई पर एक बार फिर से जियोपोलिटकल रिस्क प्रीमियम (Geopolitical Risk Premium) की वापसी हो गई है। साथ ही क्रूड ऑयल का मार्केट भी चढ़ता जा रहा है। आज यानी गुरुवार की सुबह भी स्टेंडर्ड माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) के भाव में तीन फीसदी से ज्यादा की तेजी दिखी। हालांकि, भारत में सरकारी तेल कंपनियों (Oil PSUs) ने गुरुवार, 23 जुलाई 2026, को भी पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया। यहां 25 मई 2026 के बाद इनके दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।58 दिनों से बदलाव नहीं
अपने यहां पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद ही पेट्रोलियम कंपनियां इस साल मई में चार बार दाम बढ़ा चुकी हैं। ऐसा महज 11 दिनों में हुआ था। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई 2026 को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 पैसे महंगा किया था। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे, 23 मई 2026 को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे और 25 मई 2026 को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये महंगा किया था। उसके बाद आज 58वां दिन है, जबकि दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।4 महानगरों में पेट्रोल का दाम
तेल कंपनियों की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। कोलकाता में इसकी कीमत 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये है।
डीजल की कीमत क्या है
सरकारी ऑयल कंपनियों के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में डीजल का प्रति लीटर दाम 95.20 रुपये है। कोलकाता में यह 99.02 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है। कच्चे तेल की कीमत में हाल में काफी बढ़ोतरी हुई है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह करीब 50 फीसदी महंगा हो गया है।
ब्रेंट क्रूड चढ़ ही रहा है
पहले ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद किया। फिर हूती विद्रोहियों ने लाल सागर की नाकाबंदी की। इस वजह से कच्चे तेल पर एक बार फिर से जियोपोलिटकल रिस्क प्रीमियम (Geopolitical Risk Premium) लगने लगा है। मतलब कि इसकी ढुलाई पहले से काफी महंगी हो गई। साथ ही क्रूड ऑयल का मार्केट भी चढ़ता जा रहा है। गोल्डमैन सैक्स ने भी चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट में रुकावटें जारी रहती हैं तो चौथी तिमाही तक ब्रेंट क्रूड की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकती है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान स्टेंडर्ड माने जाने वाला Brent Crude 3.36% या 3.06 डॉलर चढ़ कर 94.07 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड हो रहा है। अमेरिकी WTI Crude भी 1.15% या 1.00 डॉलर चढ़ कर 87.83 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड हो रहा है।पेट्रोल-डीजल के ऐसे चेक करें भाव
भारत में पेट्रोल-डीजल के भाव जब भी बदलते हैं, तब सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं। पेट्रोल-डीजल का रोज का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं (How to check diesel petrol price daily)। इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और बीपीसीएल उपभोक्ता RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, एचपीसीएल उपभोक्ता HPPRICE के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर भाव पता कर सकते हैं।