दोहा: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 टूर्नामेंट में भारत ए के लिए खेलते हुए हर्षित राणा ने दिखाया कि एक गेंदबाज के रूप में वह हर तरह से परिपक्व हो चुके हैं। हर्षित ने इस मैच में टीम इंडिया को 2 अहम विकेट दिलाए। हालांकि, इन दोनों विकेट में उनकी गेंदबाजी से ज्यादा योगदान उनकी स्लेजिंग का था। पाकिस्तान ए टीम ने इस मैच में शानदार शुरुआत की थी और तेजी से बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही थी। ऐसे में हर्षित ने स्लेंजिग के जरिए दोनों बल्लेबाजों का ध्यान भटकाया और टीम इंडिया को गुच्छे में दो विकेट मिल गए।
हर्षित ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को उकसान के बाद कोई खराब गेंद भी नहीं की, ताकि बल्लेबाज उसका फायदा उठाकर हर्षित को जवाब दे सकें। उन्होंने अपनी सटीक लाइन लेंथ बनाए रखी। इस वजह से पाकिस्तानी बल्लेबाज परेशान होकर खराब शॉट खेल बैठे।
7वें ओवर में शुरु की स्लेजिंग
पाकिस्तान की सलामी जोड़ी ने इस मैच में शानदार शुरुआत की थी और शुरुआती 4 ओवर में ही 46 रन जोड़ लिए थे। हर्षित हर तरह की कोशिश कर चुके थे, लेकिन पाकिस्तान बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे थे। हर्षित के तीसरे ओवर में माज सदाकत ने 3 चौके लगाकर पाकिस्तान का स्कोर 5 ओवर में 58 रन कर दिया तो हर्षित ने पैंतरा बदला और पारी के 7वें ओवर में लगातार स्लेजिगं की। इसके साथ ही सटीक लाइन लेंथ पर गेंदबाजी की ताकि बल्लेबाज बड़ा शॉट न खेल सकें। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ एक रन दिया। इसका फायदा अगला ओवर करने वाले आयुष बडोनी को मिला।
आठवें ओवर में पकड़ा कैच
पाकिस्तान की पारी का आठवां ओवर करने आए आयुष बडोनी की पांचवीं गेंद पर शामिल हुसैन ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में हर्षित को ही कैच थमा दिया। हर्षित ने कैच पकड़ा और पाकिस्तानी बल्लेबाजों को उकसाना जारी रखा। अगले ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने नए बल्लेबाज रोहैल नजीर पर कोई कमेंट किया और अगली गेंद तेज गति से विकेटों पर डाली। बल्लेबाज ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह लेट हो गया और एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौट गया। नजीर अपना खाता तक नहीं खोल पाए।
6 ओवर का स्पेल किया
हर्षित राणा ने इस मैच में 6 ओवर का लंबा स्पेल किया, लेकिन स्लेजिंग के जरिए उन्होंने अपनी ऊर्जा भी बनाए रखी। इस वजह से पूरे स्पेल में कहीं ये नहीं लगा कि हर्षित थके हुए हैं या उनकी गेंदबाजी की धार कम हुई है। उन्होंने इस दौरान अपने वैरिएशन का भी अच्छा इस्तेमाल किया। हालांकी, वह महंगे साबित हुए, लेकिन पाकिस्तानी बल्लेबाजों को दबाव में रखा।