अप्रैल में MF में इक्विटी निवेश, SIP दोनों घटे, डेट और Gold ETF में बढ़ा भरोसा
Updated on
12-05-2026 01:43 PM
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में तनाव, कच्चे तेल की बदलती कीमतों और दुनिया भर में आर्थिक सुस्ती की चिंताओं के बीच अप्रैल के महीने में इक्विटी म्यूचुअल फंड में होने वाले निवेश में 5 फीसदी की गिरावट आई है। अप्रैल में इस कैटिगरी में कुल 38,440 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो पिछले महीने (मार्च) के मुकाबले कम है। हर महीने होने वाले एसआईपी (SIP) निवेश में भी गिरावट देखी गई। सोमवार को Amfi की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में जहां SIP के जरिए 32,087 करोड़ रुपये आए थे, वहीं अप्रैल में यह आंकड़ा कम होकर 31,115 करोड़ रुपये रह गया।इक्विटी में निवेश अप्रैल में गिरकर 38,440 करोड़ रुपये रहा, जो मार्च में 40,450 करोड़ रुपये था। फ्लेक्सी कैप फंड में सबसे ज्यादा 10,148 करोड़ रुपये आए। मिड-कैप फंड्स में 6,551 करोड़ और स्मॉल-कैप फंड्स में 6,885 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। इन दोनों ही कैटेगरी में मार्च के मुकाबले ज्यादा पैसा आया। लार्ज-कैप फंड्स में भी 2,525 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया।