5 साल में 4 गुना बढ़ गए 100 करोड़ से ज्यादा कमाने वाले लोग, सरकार ने संसद में दी जानकारी
Updated on
28-07-2026 02:36 PM
नई दिल्ली: देश की इकॉनमी तेजी से आगे बढ़ रही है और इसके साथ ही देश में अमीरों की संख्या भी बढ़ रही है। असेसमेंट ईयर 2025-26 के इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) में 576 लोगों ने अपनी कुल कमाई (ग्रॉस टोटल इनकम) 100 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा बताई है। पिछले पांच साल में इस श्रेणी के लोगों की संख्या में 4 गुना की बढ़ोतरी हुई है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। चौधरी ने स्पष्ट किया कि इनकम टैक्स कानून में अरबपति (billionaire) शब्द की कोई कानूनी परिभाषा नहीं दी गई है।हालांकि, टैक्स रिटर्न के आंकड़ों के मुताबिक, असेसमेंट ईयर 2025-26 में 576 ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने अपनी कुल ग्रॉस इनकम 100 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा दिखाई। यह संख्या असेसमेंट ईयर 2021-22 में केवल 142 थी, जिसमें अब 4 गुना का बड़ा उछाल आया है। वित्त राज्य मंत्री से पूछा गया था कि क्या सरकार को पता है कि देश में अरबपतियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है और इस मामले में यह दुनिया के प्रमुख देशों में शामिल है।बेरोजगारी में कमी
चौधरी ने लिखित उत्तर में कहा कि आयकर अधिनियम, 2025 या पूर्ववर्ती आयकर अधिनियम, 1961 के तहत अरबपति (बिलियनेयर) शब्द की कोई कानूनी परिभाषा नहीं है। जवाब के अनुसार वर्ष 2025-26 में दाखिल किए गए आयकर रिटर्न में 100 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की कुल आय बताने वाले लोगों की संख्या 576 थी। यह 2021-22 में बताई गई 142 की संख्या से चार गुना अधिक है।
मंत्री के उत्तर के अनुसार 100 करोड़ रुपये और उससे ज्यादा की कुल आय वाले लोगों की संख्या 2022-23 में 301 थी, जो 2023-2024 में घटकर 284 हो गई और फिर 2024-2025 में बढ़कर 415 हो गई। एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में चौधरी ने कहा कि 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए बेरोजगारी दर 2022 में 3.6 प्रतिशत थी जो घटकर 2025 में 3.1 प्रतिशत रह गई है।