सेंसेक्स में सबसे ज्यादा उछला रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर, कहां पहुंच गई मुकेश अंबानी की नेटवर्थ?
Updated on
11-07-2026 12:46 PM
नई दिल्ली: घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे ज्यादा 2.28% तेजी के साथ बंद हुआ। इससे कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में 1.97 अरब डॉलर की तेजी आई। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अंबानी की नेटवर्थ अब 86.6 अरब डॉलर पहुंच गई है। वैसे इस साल उनकी नेटवर्थ में 21.1 अरब डॉलर की गिरावट आई है और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 23वें नंबर पर हैं।देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस 17 जुलाई को पहली तिमाही के नतीजे घोषित करेगी। बीएसई पर शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1,294.75 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 1,311 रुपये तक उछला और अंत में 2.28 फीसदी तेजी के साथ 1308.85 रुपये पर बंद हुआ। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,611.20 रुपये और न्यूनतम स्तर 1,253.65 रुपये है। गौतम अडानी की नेटवर्थ
इस बीच भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी की नेटवर्थ में शुक्रवार को 2.58 अरब डॉलर की तेजी आई। वह 119 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 17वें नंबर पर बने हुए हैं। देश के तीसरे बड़े औद्योगिक घराने अडानी ग्रुप के चेयरमैन की नेटवर्थ में इस साल 34.4 अरब डॉलर की तेजी आई है।एलन मस्क 913 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे बड़े रईस बने हुए हैं। शुक्रवार को उनकी नेटवर्थ में 34.6 अरब डॉलर की गिरावट आई। इस लिस्ट में गूगल को कोफाउंडर लैरी पेज (305 अरब डॉलर) दूसरे और सर्गेई ब्रिन (283 अरब डॉलर) तीसरे नंबर पर हैं। ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस 267 अरब डॉलर के साथ चौथे और फेसबुक के मार्क जकरबर्ग (237 अरब डॉलर) पांचवें नंबर पर हैं।