टीवी की मशहूर एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना इन दिनों अपनी मदरहुड जर्नी एंजॉय कर रही हैं। मां बनने के बाद अब एक्ट्रेस धीरे-धीरे अपनी पुरानी फिटनेस रूटीन में वापसी कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने डिलीवरी के बाद दोबारा स्विमिंग शुरू की, लेकिन इस दौरान उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। करिश्मा ने बताया कि स्विमिंग करते समय उन्हें टांकों के पास खिंचाव महसूस हुआ और उनका स्टैमिना भी पहले जैसा नहीं रहा।
'नागिन 3' फेम करिश्मा तन्ना ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट के जरिए डिलीवरी के बाद शरीर में आए बदलावों और रिकवरी के अनुभव को शेयर किया है। इससे पहले भी वह बता चुकी हैं कि प्रेग्नेंसी के बाद अपनी बॉडी को एक्सेप्ट करना उनके लिए आसान नहीं रहा। हालांकि, एक्ट्रेस अब धीरे-धीरे इन बदलावों को अपना रही हैं और खुद पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहतीं। करिश्मा और उनके पति वरुण बंगेरा ने जुलाई 2026 में अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था।
डिलीवरी के बाद स्विमिंग करना लगा मुश्किल
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' फेम एक्ट्रेस ने मंगलवार को अपनी एक पोस्ट में बताया कि बच्चे के जन्म के बाद उन्होंने दोबारा स्विमिंग शुरू की, तो उन्हें अपना स्टैमिना काफी कम महसूस हुआ। इतना ही नहीं, स्विमिंग के दौरान उन्हें टांकों के पास खिंचाव भी महसूस हो रहा था। हालांकि, वह धीरे-धीरे अपनी पुराने ट्रैक पर लौट रही हैं। अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए 'स्कूप' फेम एक्ट्रेस ने कहा, 'डिलीवरी के बाद स्विमिंग करना थोड़ा मुश्किल लगा। मुझे अपने टांकों के पास खिंचाव महसूस हो रहा था, और मेरा स्टैमिना भी जैसे कहीं गायब हो गया था। लेकिन सांस लेने और अगला स्ट्रोक लगाने के बीच, मुझे बहुत जीवंत महसूस हुआ।' उन्होंने अपनी पोस्ट के आखिरी में लिखा, 'इसलिए हां, मैंने स्विमसूट में एक सेल्फी ली। मैं याद रखना चाहती थी कि आज पानी में वापस आकर कितना अच्छा लगा।'
प्रेग्नेंसी से पहले वाली बॉडी को मिस कर रही हैं करिश्मा
करिश्मा तन्ना अपनी पोस्टपार्टम जर्नी के बाद के अनुभवों को लेकर पहले भी खुलकर बात कर चुकी हैं। अक्टूबर में उन्होंने बताया था कि वह अपनी प्रग्नेंसी से पहले वाली बॉडी को काफी मिस करती हैं। बच्चे के जन्म के बाद शरीर में आए बदलावों को अपनाना उनके लिए आसान नहीं रहा। अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उन्होंने लिखा, 'कभी-कभी, मैं अपनी प्रेग्नेंसी से पहले वाली बॉडी को बहुत मिस करती हूं। मैं आईने में देखती हूं तो मुझे अपना पेट पहले से अलग दिखता है, स्किन ढीली हो गई है, और मेरा शरीर मेरी सामान्य साइज से दो-तीन साइज बड़ा हो गया है। कपड़े अब अलग तरह से फिट आते हैं।' उन्होंने आगे लिखा, 'शॉपिंग करना बहुत थकाऊ लगता है, और कभी-कभी तो मेरा तैयार होने का भी मन नहीं करता। बस बिल्कुल भी नहीं! हां, मुझे भी ऐसा ही महसूस होता है। '
शरीर में आए बदलावों को धीरे-धीरे अपना रही हैं एक्ट्रेस
करिश्मा ने अपनी पोस्ट में यह भी बताया कि वह अपने शरीर की आभारी हैं, जिसने उनके बच्चे को अपने अंदर जगह दी और उसे पाला-पोसा। हालांकि, मां बनने के बाद आए शारीरिक बदलावों को स्वीकार करने में उन्हें भी समय लग रहे है। इस बारे में एक्ट्रेस ने कहा, 'तब मुझे खुद को प्यार से याद दिलाना पड़ता है, मेरे अंदर एक पूरा नन्हा इंसान पला-बढ़ा है। मेरे शरीर ने उसकी जिंदगी के लिए जगह बनाई। अभी तो बस ढाई महीने ही हुए हैं। मैं इतनी जल्दी खुद से इतनी उम्मीदें क्यों लगा रही हूं? मैं अपने शरीर के लिए आभारी भी हो सकती हूं और साथ ही इसमें आए बदलावों को मुश्किल भी मान सकती हूं। मैं मां बनने के अनुभव से प्यार भी कर सकती हूं और साथ ही खुद को पहले जैसा महसूस कर ने की कमी भी महसूस कर सकती हूं।'
जुलाई में बेटे को दिया था जन्म
करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा ने 29 जुलाई 2026 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। दोनों के घर बेटे वेद का जन्म हुआ था। मां बनने के बाद से ही करिश्मा सोशल मीडिया पर अपनी मदरहुड जर्नी और डिलीवरी के बाद के अनुभव शेयर करती रही हैं। अब वह धीरे-धीरे अपनी फिटनेस और रोजमर्रा की जिंदगी में वापसी कर रही हैं।
आखिरी बार इस प्रोजेक्ट में नजर आई थीं करिश्मा तन्ना
वर्कफ्रंट की बात करें तो करिश्मा तन्ना आखिरी बार हंसल मेहता की वेब सीरीज 'स्कूप' में नजर आई थीं। साल 2023 में रिलीज हुई इस सीरीज में उन्होंने क्राइम रिपोर्टर जागृति पाठक का किरदार निभाया था। उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था। इस सीरीज को एशिया कंटेंट अवॉर्ड्स और ग्लोबल OTT अवॉर्ड्स में भी पहचान मिली थी।