भोपाल:बॉलीवुड अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें भोपाल के पारुल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर ने बताया कि 95 वर्ष से अधिक उम्र की इंदिरा भादुड़ी को एलर्जी और कमर दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था. अब डाक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है. राहत की बात यह है कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है. परिवार के सदस्य भी लगातार उनकी सेहत का अपडेट ले रहे हैं.
इंदिरा भादुड़ी को कुछ समय से एलर्जी संबंधी परेशानी हो रही थी. इसके साथ ही कमर में दर्द की शिकायत भी सामने आई. स्वास्थ्य में गिरावट के बाद परिजन उन्हें पारुल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने जरूरी जांच के बाद भर्ती करने का निर्णय लिया है. बता दें कि उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टरों की टीम विशेष सतर्कता बरत रही है. फिलहाल इलाज जारी है और उनकी हालत में सुधार की जानकारी सामने आई है. डिस्चार्ज को लेकर डॉक्टर उनकी रिकवरी के आधार पर फैसला लेंगे.
अभिषेक बच्चन मां जया संग पहली फ्लाइट से पहुंचे ननिहाल, मिली ऐसी खबर परिवार परेशान
भोपाल से है बच्चन परिवार का पुराना नाता
इंदिरा भादुड़ी लंबे समय से भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित अंसल अपार्टमेंट में रहती हैं. उनके पति तरुण कुमार भादुड़ी जाने-माने पत्रकार और लेखक थे. जया बच्चन उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी हैं. जया की दोनों बहनें भी भोपाल में रहती हैं. यही वजह है कि बच्चन परिवार का राजधानी से पुराना पारिवारिक जुड़ाव रहा है. अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और अभिषेक बच्चन कई बार परिवार से मिलने भोपाल आ चुके हैं.