खबरें हैं कि साल के आखिर तक टेलीकॉम कंपनियां रिचार्ज प्लान महंगे कर सकती हैं। ऐसे में क्या हो अगर आप मौजूदा रिचार्ज प्लान एडवांस में ही रिचार्ज करवा लें और ऐसा आप एक बार नहीं कई बार कर लें। क्या आप भविष्य में महंगे होने वाले रिचार्ज प्लान से सुरक्षित हो जाएंगे? ये सवाल अक्सर तब मन में आता है, जब टेलीकॉम कंपनियां अपने रिचार्ज प्लान महंगे करती हैं। इसे प्लान स्टैकिंग या एडवांस रिचार्ज कहा जाता है। टेक्निकल तौर पर आप एक समय पर एक से ज्यादा रिचार्ज करवाना संभव है लेकिन इसकी एक सीमा और कुछ कड़े नियम भी होते हैं।
इसके अलावा अगर आप भी मानते हैं कि एक ही बार में कई सारे एडवांस रिचार्ज करवा लेने से आप भविष्य में फायदे में रहेंगे, तो आपको कुछ जरूरी चीजों की जानकारी जुटा लेनी चाहिए।
रिचार्ज प्लान स्टैकिंग है क्या?
रिचार्ज प्लान स्टैकिंग का मतलब होता है कि आपका एक मोबाइल प्लान अभी एक्टिव हैं और आप भविष्य के लिए दूसरा रिचार्ज प्लान समय से पहले ही रिचार्ज करा लें। ऐसा एक बार और एक से ज्यादा बार भी हो सकता है।
ऐसा करने पर नया रिचार्ज प्लान तुरंत शुरू नहीं होता और सभी प्लान एक कतार में लग जाते हैं। जैसे ही आपका मौजूदा प्लान खत्म होता है, तो कतार में मौजूद अगला प्लान खुद-ब-खुद एक्टिवेट हो जाता है।
यह सुविधा उन लोगों के लिए दी जाती है, जो बार-बार फोन रिचार्ज कराने के झंझट से मुक्ति चाहते हैं। वहीं कुछ लोग इसे भविष्य में महंगे होने वाले रिचार्ज प्लान से बचने का जरिया भी मानते हैं। हालांकि, अलग-अलग कंपनियों के इसे लेकर अलग-अलग नियम और शर्तें हैं।
Jio प्लान स्टैकिंग को लेकर क्या कहता है?
अगर आप एक Jio यूजर हैं तो बता दें कि आपकी टेलीकॉम कंपनी रिचार्ज प्लान स्टैकिंग को लेकर सबसे लचीला रुख रखती है। दरअसल Jio यूजर एक बार में 25 से लेकर 50 प्लान्स तक एक बार में रिचार्ज करवाकर छोड़ सकते हैं, बशर्ते वे समान कैटेगरी के अनलिमिटेड टैरिफ प्लान्स हों।
Jio में ये सिस्टम बहुत सटीक तरह से काम करता है। इसके लिए आप MyJio ऐप के अपकमिंग सेक्शन में अपने सभी पेंडिंग रिचार्ज देख सकते हैं। अगर आप चाहें तो मौजूदा प्लान खत्म होने का इंतजार किए बिना भी नए प्लान को खुद से एक्टिवेट कर सकते हैं, या फिर पुराने पैक के खत्म होने का इंतजार कर सकते हैं। इसके बाद अगला प्लान अपने आप लागू हो जाता है।