डिंडोरी: मध्य प्रदेश के पुरातात्विक मानचित्र पर डिंडोरी जिले ने एक नया और ऐतिहासिक मील का पत्थर जोड़ दिया है। इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज भोपाल चैप्टर के नेतृत्व में चलाए गए एक व्यापक पुरातात्विक सर्वेक्षण में 21 नए प्रागैतिहासिक स्थलों की खोज की गई है। इस दौरान 580 से अधिक प्राचीन पाषाण उपकरणों का दस्तावेजीकरण किया गया है, जिन्हें कम से कम 75,000 वर्ष पुराना माना जा रहा है। इस खोज की सबसे रोमांचक कड़ी एक जीवाश्म युक्त पेड़ का तना है, जिसका उपयोग प्रागैतिहासिक काल में सामूहिक 'वर्कबेंच' के रूप में किया जाता था।
प्राकृतिक वर्कबेंच पर बैठकर एक साथ काम करते थे 8 से 10 लोग
अनुभवी पुरातत्वविद् शुभम रजक के नेतृत्व में, जिसमें वरिष्ठ पुरातत्वविद नैंसी शर्मा और मिलनाथ पतेर भी शामिल रहे, यह खोज डिंडोरी के शाहपुरा, मेहदवानी, डिंडोरी और समनापुर ब्लॉकों में की गई। शोधकर्ताओं के अनुसार, चंदपुर में मिला जीवाश्म तना किसी वर्कबेंच की तरह था, जिसके चारों ओर बैठकर एक साथ 8 से 10 लोग पत्थर तोड़कर औजार गढ़ा करते थे। तलहटी और पहाड़ियों की चोटी से मिले एक जैसे उपकरणों के आकार यह दर्शाते हैं कि शुरुआती मानव मौसमी रूप से पहाड़ियों और मैदानों के बीच आवाजाही करते थे। यह छोटे कैंपिंग स्थल हुआ करते थे, जहां लोग भोजन की तलाश में कुछ हफ्ते या महीने बिताने के बाद आगे बढ़ जाते थे।
बेसाल्ट, चर्ट और क्वार्ट्ज से बनाए जाते थे धारदार हथियार
डिंडोरी के बेसाल्टिक भूभाग में प्रचुर मात्रा में मिलने वाले चर्ट और क्वार्ट्ज पत्थरों का उपयोग शुरुआती मानव औजार बनाने के लिए करते थे। नैंसी शर्मा ने बताया कि इस पूरे असेंबलज में ब्लेड और स्क्रैपर प्रमुखता से मिले हैं, जबकि कई खांचेदार उपकरण इस बात की ओर इशारा करते हैं कि इन्हें लकड़ी या हड्डी के हैंडल में फिट किया जाता होगा। इसके अलावा, कराउंडी रीत में हाथ से बने शुरुआती मिट्टी के बर्तन और टिकरा सरई-बासा से मिले क्लीवर और स्क्रैपर प्राचीन बस्तियों के अस्तित्व को और पुख्ता करते हैं।
नर्मदा घाटी में छिपे हैं मानव इतिहास के अनसुलझे राज
INTACH भोपाल चैप्टर के संयोजक एम.एम. उपाध्याय ने इस खोज को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। वहीं, ASI के भोपाल सर्कल के पूर्व प्रमुख और चंडीगढ़ सर्कल के मौजूदा अधीक्षक पुरातत्वविद् मनोज कुमार कुर्मी का कहना है कि हाथनोरा खोपड़ी की खोज के बाद से ही पूरी नर्मदा घाटी वैश्विक शोधकर्ताओं के आकर्षण का केंद्र रही है। नर्मदा दुनिया की सबसे प्राचीन नदियों में से एक है, और यहां पुरातात्विक, भूवैज्ञानिक व मानवशास्त्रीय संयुक्त शोध से मानव विकास के कई अनसुलझे रहस्यों से पर्दा उठ सकता है।