नई दिल्ली: अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की जीत के बाद यशवीर गौड़ ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया था। आखिरी गेंद पर चौका लगते ही वह दौड़कर पाकिस्तानी विकेटकीपर हमजा जहूर के सामने पहुंचे थे और उन्हें खूब चिढ़ाया था। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यशवीर भारत और पाकिस्तान में चर्चा का विषय बन गए। कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने इस पर खेल भावना का भी ज्ञान दिया। अब यशवीर ने इस तरह से जश्न मनाने की वजह बताई है।
यशवीर ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में कहा कि दिवाली वाले दिन भारत और पाकिस्तान के बीच लीग मैच था। इस मुकाबले को पाकिस्तान ने जीता था और जीत हासिल करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों को गाली दी थी। इसी वजह से उन्होंने पाकिस्तान को मैदान पर जवाब देने का मन बनाया था। जब फाइनल में टीम इंडिया ने रोमांचक जीत हासिल की तो उन्होंने इस मौके को भुना लिया।
लीग मैच में क्या हुआ था?
भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला दिवाली के दिन खेला गया था। इस मैच में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हराया था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए थे। अर्जुन राजपूत ने शानदार शतक लगाया था, लेकिन हमजा जहूर की शतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान ने लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों को अपशब्द कहे। यशवीर ने कहा, 'हम दिवाली के दिन मैच हार गए थे। हमारे बीच कुछ बातचीत हुई थी, जिसमें अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया था। मैच हारने के बाद हम कुछ नहीं कह सके। हम फाइनल का इंतजार कर रहे थे। हम अच्छा प्रदर्शन करना चाहते थे और दिखाना चाहते थे कि भारतीय टीम क्या कर सकती है।'
हम भी वही कर रहे थे, जो उन्होंने किया था
यशवीर से जब फाइनल जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक जश्न के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'हम भी वही कर रहे थे, जो उन्होंने किया था। वे चुप थे और हम भी चुप थे। हमने भारतीय जर्सी पहन रखी थी। हम इस पल का इंतजार कर रहे थे। हर कोई भावुक था।'
आखिरी गेंद पर जीता भारत
14 नवंबर को खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। उस्मान खान ने 107 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन बनाए। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम एक समय 252 रन पर 8 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। इसके बाद मनल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन की अहम पारी खेली। मनल के आउट होने के बाद भारत का स्कोर 309 रन पर 9 विकेट हो गया था। ऐसे में आखिरी विकेट के लिए मोहित उल्वा और चिगुरुपति वेंकट ने 30 रन की साझेदारी की। मोहित ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को एक विकेट से जीत दिला दी।