भोपाल, भोपाल में 4 नवंबर को प्रस्तावित भाजपा की पदयात्रा को लेकर यातायात और व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। यह पदयात्रा अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक निकाली जानी है। इसे लेकर भोपाल के अभिनव बरोलिया माली ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को पत्र लिखा है।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा के अगले दिन धनतेरस है। ऐसे में न्यू मार्केट और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में जाम लग सकता है। इससे ग्राहकों की आवाजाही और व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने पदयात्रा का रूट बदलने या इसे स्थगित करने की मांग की है।
न्यू मार्केट और जवाहर चौक में बढ़ेगी भीड़
अभिनव बरोलिया माली ने कहा है कि धनतेरस पर न्यू मार्केट, जवाहर चौक और भोपाल के मध्य क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में व्यस्त बाजारों के आसपास राजनीतिक आयोजन होने से जाम की स्थिति बन सकती है। इससे ग्राहकों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी होगी।
त्योहारी सीजन में कारोबार प्रभावित होने की आशंका
पत्र में कहा गया है कि धनतेरस और दीपावली व्यापारियों के लिए साल के महत्वपूर्ण कारोबारी अवसर हैं। ऐसे समय में बाजारों तक पहुंच बाधित होने से ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार प्रभावित हो सकता है।
इसमें राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के बजाय आम जनता की सुविधा और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की गई है।
दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शनों पर भी उठा था मुद्दा
दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शनों के दौरान भाजपा और व्यापारी संगठनों ने बाजारों में जाम और कारोबार प्रभावित होने का मुद्दा उठाया था। अब भोपाल में भाजपा की पदयात्रा को लेकर भी बाजारों की आवाजाही और व्यापार का मुद्दा सामने आया है।
पत्र में भाजपा नेतृत्व से पदयात्रा किसी दूसरे स्थान पर आयोजित करने या उसका रूट बदलने का आग्रह किया गया है।