भोपाल। केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त हुई राज्यसभा की एक सीट पर प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा के प्रदेश कोर ग्रुप ने सोमवार को पैनल बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया। अब निर्णय दिल्ली से होगा। माना जा रहा है कि दक्षिणी राज्य के ही किसी चेहरे को मध्य प्रदेश के राज्यसभा भेजा जाएगा। फिलहाल वनथी श्रीनिवासन का नाम चर्चा में है, जो तमिलनाडु से पूर्व विधायक हैं और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं।

कुछ और नामों सहित पांच नाम पैनल में भेजे गए हैं। कोरग्रुप की बैठक मूल रूप से राज्यसभा प्रत्याशी के नाम पर विचार करने के लिए बुलाई गई थी। अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में तय किया गया भाजपा इंदौर, भोपाल और जबलपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली करेगी। इनमें एक लाख लोगों को एकत्र करने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता के विरुद्ध कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी पर प्रदेश कोर कमेटी ने निंदा प्रस्ताव पारित किया।

मुख्यमंत्री आवास भोपाल में सोमवार को हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी सहित दोनों उप मुख्यमंत्री, अन्य मंत्री मौजूद रहे। सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरोत्तम मिश्रा बैठक में शामिल नहीं हुए। अरविंद भदौरिया आनलाइन जुड़े।

मंत्री, सांसद व अधिकारियों की बनाई जाएगी टीम

बैठक में तय हुआ कि केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय के साथ एक-एक सांसद को जोड़ा जाए, ताकि राज्य के मंत्री, सांसद और अधिकारी आपसी समन्वय से योजनाओं के क्रियान्वयन को गति दे सकें तथा मप्र को उनका अधिकतम लाभ मिल सके। इसी तरह मंत्री- विधायक और सांसद भी पोर्टल पर तीन वर्ष की उपलब्धियां बताएंगे। प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी कार्यों और विभिन्न विभागों के कामकाज को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।