लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस पलटकर 40 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री गंभीर घायल हुए। इनमें छोटे-छोटे बच्चे भी रहे। पुलिसवाले बच्चों को गोद में लेकर एंबुलेंस में बैठाते नजर आए।

फायर ब्रिगेड के मुताबिक, बिहार नंबर की लग्जरी बस राजस्थान के भिवाड़ी से छपरा (बिहार) जा रही थी। सभी लोग छठ पर्व के लिए अपने-अपने घर जा रहे थे। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर पारा थाना क्षेत्र में जीरो पॉइंट पर हुआ।

50 से ज्यादा पुलिसकर्मी, SDRF की 2 टीमें और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू किया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह टायर फटना बताई गई। घायलों में महाराजगंज, देवरिया, आजमगढ़ के साथ बिहार के कई लोग भी शामिल हैं।

यात्री पंकज शर्मा ने कहा- ड्राइवर नशे में था। उसने 10 मिनट भी बस नहीं चलाई थी कि पलटा दी।


लोकबंधु अस्पताल में भर्ती यात्री विकास कुमार ने कहा- ड्राइवर शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। बस गिरने से मुझे, मम्मी-पापा को चोट लगी है।


3 मृतकों में 2 की शिनाख्त हुई, कुल 55 यात्री थे

पारा थाना पुलिस के अनुसार, कुल 50-55 यात्री बस में सवार थे। इनमें 45 बुरी तरह घायल हुए हैं। जिन 3 यात्रियों की मौत हुई, उनमें 2 की शिनाख्त हुई है, 1 मृत पुरुष की पहचान नहीं हो पाई है। मरने वालों में छपरा के शंकर रज्जक (63) और शामली राय (43) के साथ एक अज्ञात भी है।


लोकबंधु अस्पताल के CMS डॉक्टर अमिताभ श्रीवास्तव ने कहा- सुबह 7 बजे के आसपास हादसे की सूचना मिली थी। अस्पताल में एक-एक कर घायलों की संख्या बढ़ती गई। 32 घायल यहां पर लाए गए, जिनमें 2 ब्रॉट डेड थे।

बचे हुए 30 घायलों में जिनके सिर, रीढ़ में गंभीर चोटें थीं, उन्हें KGMU के लिए रेफर कर दिया गया। इस समय लोकबंधु में 25 घायल भर्ती हैं। इनकी प्रॉपर देखभाल की जा रही है।


लोकबंधु अस्पताल के CMS डॉक्टर अमिताभ श्रीवास्तव हर घायल की निगरानी कर रहे हैं।


लोकबंधु अस्पताल में भास्कर रिपोर्टर शिवा मिश्रा पहुंच हैं। उन्होंने यात्रियों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। घायल जितेंद्र यादव ने कहा- बस में 2 ड्राइवर थे। जिस ड्राइवर ने रात में बस चलाई, वह सुबह 7 बजे के आसपास सोने चला गया। उसकी जगह सो रहा ड्राइवर बस चलाने लगा। इसके बाद 10 मिनट भी नहीं हुए होंगे, यह हादसा हो गया।


बस का फिटनेस 5 अगस्त 2027 तक वैध है। एंश्योरेंस 31 जुलाई 2027 तक और पॉल्यूशन 6 अगस्त 2027 तक वैध है। 2 दिसंबर 2030 तक बस की परमिट है।


स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक, ट्रॉमा के बाद लोकबंधु अस्पताल भी पहुंच गए हैं। उन्होंने मरीजों का हालचाल लिया। मरीजों से पूछा- घर में बात हुई? मोबाइल चार्ज है? घर क्यों जा रहे थे?

एक लड़की ने बताया कि पेपर है इसलिए घर जा रहे थे। ब्रजेश पाठक ने कहा- अभी आराम करिए। यहां अच्छे से दवा कराने के बाद घर तक भेजवाया जाएगा। 19 तारीख को पेपर से पहले घर पहुंच जाएंगी। डॉक्टरों से लड़की का एक्सरे करने के लिए कहा।


लोकबंधु अस्पताल में 32 लोगों को ले जाया गया है, जिनमें से 5 अज्ञात हैं। जिनके नाम-पता मालूम हुए हैं, उनमें धर्मवीर, सोनू, मनोज, निर्मला, जितेंद्र, रामेश्वर, राजू, श्रीनाथ, धर्मेंद्र कुमार, जामुन राम, सुनील राम, शुभम, नवीन कुमार, प्रिंस, चंदन यादव, आशीष कुमार सिंह, पंकज, रविंद्र, पंत गुलाम, अभिषेक कुमार, शिव कुमार, प्रवीण, अजय कुआम, संजय, राजीव, सवाली राय हैं।


जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया- सूचना मिली थी कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर एक बस पलट गई है। पुलिस, फायर सर्विस, चिकित्सा विभाग और राजस्व विभाग समेत सभी आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। अब तक लगभग 45 लोगों के घायल होने की सूचना है। उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज KGMU ट्रॉमा सेंटर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है। अब तक इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है।


स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ट्रॉमा सेंटर पहुंचे हैं। उन्होंने घायलों का हाल जाना। बताया- यहां 13 घायलों का इलाज किया जा रहा है। 1 मरीज ब्रॉट डेड लाया गया था। 2 की इलाज के दौरान मौत हो गई। लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे पर हादसों को रोकने के लिए प्लान बनाया जा रहा है।


पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा लोकबंधु अस्पताल पहुंच गए हैं। यहां पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी घायलों को देखने पहुंचे हैं।
डीसीपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक की जानकारी के अनुसार कुल 42 यात्री बस में थे। इनमें 29 लोकबंधु अस्पताल और 13 को केजीएमयू भेजा गया है। लोकबंधु में 1 को पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया। एक की इलाज के दौरान मौत हुई।

घायलों को लोकबंधु अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। कम घायलों को फर्स्ट एड कर आराम दिया गया है। घायलों ने अपना नाम-पता बताया है।

वैशाली जिले की चांदनी, उनकी 2 साल की बेटी आरोही, 3 साल की संध्या, गोपालगंज के बलविंदर (45), जगदीश राम (47), औरंगाबाद के पप्पू तिवारी (19), छपरा के रामविलास (50) यूपी के आजमगढ़ के अभिषेक (26), देवलाश (39), महाराजगंज के श्यामदेव (24), देवरिया के साहिल निषाद और योगी घायल हैं। मृत दो लोगों में से एक का नाम शंकर रजक (63) है। वह बेगूसराय के गरहारा के रहने वाले थे।

इन सभी 13 लोगों को KGMU ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। 1 की हालत नाजुक है, जिसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

आलमबाग से 1 फायर टेंडर, सरोजनीनगर से 1 रेस्क्यू वेहिकल, हजरतगंज से MDRV (मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल) मौके पर मौजूद है। स्थानीय पुलिस बल भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर है।


बिहार नंबर की बस, मालिक गोपालगंज का

फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, बस का नंबर BR 28 P 4332 है। मालिक गोपालगंज का रहने वाला टुनटुन शाह है।


घटनास्थल पर जॉइंट सीपी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।


अभी तक ज्ञात 32 घायलों में 6 के नाम पता चले

बस में कुल 53 यात्री सवार थे। इनमें अब तक ज्ञात 32 लोगों में से 6 के नाम मालूम पड़े हैं। अंकित कुमार, नीतू, अंशू (8), सीमा (30), प्रियांशु (3), प्रदीप कुमार (30) को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।


मौके पर कई एंबुलेंस मौजूद हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में लोगों की भीड़ की वजह से परेशानी हो रही है।


जहां पर हादसा हुआ, वह जगह शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय से करीब 1 किमी दूरी पर है।


बस के अंदर घुसी SDRF की टीम घायलों को खिड़कियों से बाहर निकाल रही है। इसके बाद वहां से सीधे स्ट्रेचर पर ले जाकर एंबुलेंस तक पुलिसवाले पहुंचा रहे हैं।


घटनास्थल पर भारी भीड़ लग गई है। आगरा एक्सप्रेसवे से निकलने वाले लोग नीचे उतर आए हैं। पुलिस उन्हें हटा रही है, लेकिन लोग जमा हैं।


राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के सिवान की दूरी करीब 1000 किलोमीटर है। इसके लिए बस का किराया एक व्यक्ति से 4800 रुपए लिया गया है। बस राजस्थान की है। शांडिल्य टूर एंड ट्रैवेल्स नाम की कंपनी से संचालन किया जा रहा है।