भजनलाल सरकार के अगले महीने तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके को सरकार सिर्फ जश्न तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि प्रदेश की जनता के बीच अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड रखेगी।
इसमें पेपर लीक पर लगाम और नौकरियों में 1.93 लाख नियुक्तियां जैसी उपलब्धियां प्रमुख हैं। जश्न के दौरान कई नई सौगातें भी देने की भी तैयारी है।
नई सहकारिता नीति जारी होगी। बेटियों को स्कूटी और साइकिल वितरण और युवाओं को भर्तियों के नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। साथ ही शहरों और गांवों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के लिए पहली बार 7 दिवसीय शिविर लगेंगे।
सरकार के 3 साल होने पर 8 दिसंबर से 25 दिसंबर तक के कार्यक्रम का पूरा प्रस्ताव तैयार किया गया है। तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री जल्द ही कैबिनेट की बैठक बुलाकर स्वीकृति दे सकते हैं।
इसके बाद अधिकारिक तौर पर घोषणा हो सकती है। उल्लेखनीय है कि भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब 3 साल पूरे होने क्या-क्या कार्यक्रम होंगे, पढ़िए-मंडे स्पेशल स्टोरी में...
सबसे पहले जानिए, 8 से 25 दिसंबर तक प्रस्तावित कार्यक्रम कौन-कौनसे हैं
8 दिसंबर : प्रवासी राजस्थानियों के साथ उद्योग, पर्यटन,ऊर्जा, शहरी विकास और खनन क्षेत्रों पर 6 सत्र। उद्योगपतियों और राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर्स के साथ बैठकें।
10 दिसंबर : राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत प्राप्त निवेश परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग एवं उद्घाटन।
11 दिसंबर : एनआरआर चैप्टर्स के साथ संवाद (मुख्यमंत्री कार्यालय, कॉन्फ्रेस हाल)
12 दिसंबर : सरकार की 3 वर्षों की उपलब्धियों पर केंद्रित सभी जिलों के लिए विकास रथों की रवानगी।
13 दिसंबर : सभी जिलों में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान।
14 दिसंबर : स्वच्छ भारत अभियान के तहत 7 दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत। सभी राजकीय कार्यालयों में एक घंटे का साफ-सफाई अभियान। मंदिरों, स्मारकों आदि की साफ-सफाई।
15 दिसंबर : श्रमिक कल्याण की विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रों को पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति और पीएम आवास के लाभार्थियों को राशि का आवंटन।
16 दिसंबर : स्टार्ट अप कॉन्क्लेव/ आई स्टार्ट अप कार्यक्रम।
17 दिसंबर : आमजन की विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों में 7 दिवसीय शिविरों का शुभारंभ।
18 दिसंबर : सभी जिलों में छात्राओं को साइकिल और स्कूटी वितरण का शुभारंभ। मुख्यमंत्री गैस सब्सिडी योजना। पालनहार योजना के अंतर्गत सहायता राशि। लाडो योजना के लाभार्थियों को राशि का आवंटन। लखपति दीदियों को ऋण सहायता।
19 दिसंबर : सभी जिलों में राज्य स्तरीय रन फॉर विकसित कार्यक्रम।
21-22 दिसंबर : राज्य स्तरीय रोजगार मेला 2 दिवसीय (कॉमर्स कॉलेज कैंपस जयपुर)। करीब 30 हजार युवाओं को राजकीय सेवाओं में चयन के उपरांत नियुक्ति/ बधाई पत्रों का वितरण।
23 दिसंबर : नई सहारिता नीति का शुभारंभ। 30 प्रदर्शन स्टॉल। 65 नवनिर्मित गोदामों का लोकार्पण।
24 दिसंबर : किसान सम्मान निधि राशि का आंवटन। किसानों को विभिन्न योजनाओं में अनुदान राशि वितरित।
25 दिसंबर : जयपुर में राज्य स्तरीय सुशासन दिवस समारोह। सचिवालय में सुबह 9. 30 बजे सुशासन दिवस की शपथ दिलाना। सभी जिलों-उपखंडों और अटल सेवा केंद्रों पर सुबह 9. 30 बजे सुशासन दिवस की शपथ।
25 दिसंबर : सभी विधानसभा क्षेत्रों में रथ यात्रा का समापन।
तीन साल में सरकार की प्रमुख उपलब्धियां
पेपर लीक पर लगाम : भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक पर रोक को प्रमुख उपलब्धि के तौर पर पेश किया जाएगा।
1.93 लाख सरकारी नियुक्तियां : सरकार का दावा है कि अब तक 1 लाख 93 हजार पदों पर युवाओं को नियुक्तियां दी गई हैं।
5 लाख रोजगार : निजी क्षेत्र में करीब पांच लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का दावा।
अपराध पर नियंत्रण : कानून-व्यवस्था में सुधार और अपराध पर लगाम लगाने के प्रयासों को रिपोर्ट कार्ड में शामिल किया जाएगा।
महिला स्वयं सहायता समूहों को मदद: राजीविका के स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से 7,503 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध कराया गया।
बीजेपी प्रवक्ता बोले- जनता के समक्ष रखेंगे रिपोर्ट कार्ड
बीजेपी प्रवक्ता नरेंद्र कटारा का कहना है कि डबल इंजन की सरकार लगातार प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। हम अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखेंगे।
पीएम मोदी का मानना है कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरी है। ऐसे में भजनलाल सरकार के 3 साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखेंगे।
आने वाले समय में भजनलाल सरकार जनकल्याण के क्या काम कर रही है, जनता कैसे जुड़े इसका रोडमैप भी रखा जाएगा। भजनलाल सरकार ने 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।
निकाय चुनाव की जीत ने भजनलाल सरकार कामकाज पर सुशासन की मुहर लगा दी है। प्रदेशभर में 15 दिसंबर को भव्य कार्यक्रम होंगे।