भोपाल:स्वच्छता के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के 9 शहरों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले समारोह में इन शहरों को सम्मानित करेंगी. इस उपलब्धि के साथ ही मध्य प्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है.

मध्य प्रदेश के 9 शहरों को सम्मान, सूची से भोपाल बाहराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित मध्य प्रदेश के 9 शहरों में इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर, बुधनी और देपालपुर शामिल हैं. इन शहरों ने स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता जैसे प्रयासों के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. खास बात यह है कि इस सूची में बड़े नगर निगमों के साथ छोटे शहरों और कस्बों को भी जगह मिली है. भोपाल इस बार पुरस्कार की दौड़ से बाहर हो गया है.

इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में स्वच्छ शहर जोड़ी चर्चा में है. इस पहल के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को दूसरे शहरों का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी दी गई थी. इसी क्रम में स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान बना चुके इंदौर को देपालपुर का मेंटर बनाया गया था. इंदौर के मार्गदर्शन में देपालपुर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए गए. इन प्रयासों से देपालपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है.

पुरस्कार की दौड़ से भोपाल बाहर

राजधानी भोपाल के लिए इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण के नतीजे निराशाजनक रहे हैं. प्रदेश के 9 चयनित शहरों की सूची में भोपाल को जगह नहीं मिली है. आदमपुर छावनी में पुराने कचरे के ढेर और उसके वैज्ञानिक निस्तारण से जुड़ी चुनौतियां भोपाल की स्वच्छता व्यवस्था के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई हैं. हालांकि, पुरस्कार सूची से बाहर रहने के बाद अब नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने उठाए सवाल

भोपाल नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा, "भोपाल को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार की सूची से बाहर होना बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है. नगर निगम स्वच्छता के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करता है, इसके बावजूद राजधानी भोपाल राष्ट्रीय सम्मान की सूची में जगह नहीं बना पाया.