सुबह की शुरुआत कॉफी से करना या काम के दौरान एक कप कॉफी पीना कई लोगों की दिनचर्या का हिस्सा है। कैफीन सतर्कता (अलर्टनेस) बढ़ाने और नींद का एहसास कम करने में मदद करती है। लेकिन कुछ लोगों को कॉफी पीने के बाद दिल तेजी से धड़कने, हाथ कांपने, बेचैनी या घबराहट जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। ये अनुभव एंग्जायटी के लक्षणों जैसे लग सकते हैं। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि कैफीन दिमाग और नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करती है। इसका असर व्यक्ति की संवेदनशीलता, कॉफी की मात्रा, पहले से मौजूद एंग्जायटी और नींद की गुणवत्ता पर निर्भर करता है।

कॉफी पीने के बाद दिल तेज धड़कना (एंग्जायटी) जैसा क्यों महसूस हो सकता है?

कॉफी पीने के बाद कुछ लोगों को महसूस होता है कि उनका दिल सामान्य से तेज धड़क रहा है। इसके साथ बेचैनी, पसीना आना, शरीर में कंपन या ऐसा लगना कि कुछ गलत होने वाला है, जैसे अनुभव भी हो सकते हैं। ये शारीरिक संवेदनाएं नने एंग्जायटी या पैनिक अटैक के दौरान भी दिखाई दे सकती हैं।

एनसीबीआई के अनुसार कैफीन एक स्टीम्यूलेंट है, यानी ऐसा पदार्थ जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र (सेंटर नर्वस सिस्टम) की गतिविधि बढ़ाता है। कुछ लोगों में यह हृदय गति, ब्लड प्रेशर या शारीरिक उत्तेजना में अस्थायी बदलाव ला सकती है। जब व्यक्ति इन बदलावों को महसूस करता है, तो उसे घबराहट हो सकती है। इससे शारीरिक लक्षण और चिंता एक-दूसरे को बढ़ा सकते हैं।

हालांकि, कॉफी पीने के बाद दिल की धड़कन तेज होना हमेशा एंग्जायटी के कारण नहीं होता। अगर धड़कन बार-बार बहुत तेज या अनियमित हो, सीने में दर्द हो, सांस लेने में परेशानी हो या बेहोशी जैसा महसूस हो, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

कैफीन ब्रेन और नर्वस सिस्टम पर किस तरह असर करता है?


एनसीबीआई के अनुसार कैफीन के असर को समझने के लिए एडिनोसाइन नामक रसायन की भूमिका जानना जरूरी है। दिनभर जागते रहने के दौरान दिमाग में एडिनोसाइन (Adenosine) का प्रभाव बढ़ता है, जिससे नींद और थकान महसूस होने लगती है। कैफीन दिमाग में एडिनोसाइन रिसेप्टर्स को ब्लॉक करती है। इसके कारण कुछ समय के लिए नींद का एहसास कम और सतर्कता ज्यादा महसूस हो सकती है।

लेकिन यही उत्तेजक प्रभाव कुछ लोगों में बेचैनी, घबराहट और नींद में परेशानी भी पैदा कर सकता है। एनसीबीआई के मुताबिक ज्यादा कैफीन लेने पर शरीर में कंपन, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई या बेचैन महसूस होने जैसे लक्षण उभर सकते हैं। इसका असर इस बात पर भी निर्भर करता है कि व्यक्ति रोजाना कितनी कैफीन लेता है और उसका शरीर इसके प्रति कितना संवेदनशील है।

क्या कॉफी सच में एंग्जायटी बढ़ाती है या पहले से मौजूद लक्षणों को ज्यादा बढ़ा सकती है?

इस सवाल का जवाब दोनों तरह से हो सकता है। कुछ लोगों में कैफीन खुद एंग्जाटी जैसे लक्षण पैदा कर सकती है, जबकि जिन लोगों को पहले से एंग्जायटी या पैनिक डिसऑर्डर है, उनमें यह लक्षणों को ज्यादा तीव्र बना सकती है। लेकिन कॉफी पीने वाले हर व्यक्ति को एंग्जायीट डिसऑर्डर हो जाएगा, ऐसा कोई प्रमाण नहीं है।
एनसीबीआई के अनुसार 14 अध्ययनों और 546 प्रतिभागियों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि कैफीन सेवन और एंग्जायटी के बीच संबंध था, और अधिक मात्रा में सेवन करने पर यह संबंध ज्यादा मजबूत दिखा। हालांकि, अध्ययनों में इस्तेमाल की गई खुराक और एंग्जायटी मापने के तरीके अलग-अलग थे, इसलिए इन नतीजों को हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू नहीं किया जा सकता।

कितनी कॉफी पीना सुरक्षित है?

अधिकांश स्वस्थ वयस्कों के लिए एफडीए के अनुसार प्रतिदिन 400 mg तक कैफीन को ऐसी मात्रा बताता है, जो आम तौर पर नकारात्मक प्रभावों से जुड़ी नहीं होती। लेकिन यह कोई व्यक्तिगत लक्ष्य या हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित सीमा नहीं है। कैफीन का असर शरीर के वजन, दवाओं, स्वास्थ्य की स्थिति और व्यक्तिगत संवेदनशीलता के आधार पर अलग हो सकता है। कॉफी के कपों में कैफीन की मात्रा भी उनके आकार और बनाने के तरीके के अनुसार बदलती है।

कॉफी और एंग्जायटी के बीच संबंध मुख्य रूप से उसमें मौजूद कैफीन से जुड़ा है। कैफीन दिमाग को सतर्क करती है, लेकिन कुछ लोगों में इसकी अधिक मात्रा दिल की धड़कन तेज होने, हाथ कांपने, बेचैनी और घबराहट जैसे लक्षण पैदा कर सकती है। जिन लोगों को पहले से एंग्जायटी या पैनिक डिसऑर्डर है, वे इसके प्रति ज्यादा संवेदनशील हो सकते हैं। अगर कॉफी पीने के बाद बार-बार ऐसे लक्षण होते हैं, तो कैफीन का सेवन कम करके देखें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें। लगातार एंग्जायटी को सिर्फ कॉफी का असर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।