नई दिल्लीः शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी के सपरिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने को लेकर सोशल मीडिया पर सियासी कयासबाजी के साथ बहस भी चल रही है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स प्रियंका चतुर्वेदी को नसीहत दे रहे हैं कि वह अक्सर पीएम मोदी से मिलती हैं, तो अच्छा रहता कि वो बीजेपी ही जॉइन कर लें। उद्धव ठाकरे की पार्टी की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सुझाव देने वाली सीनियर जर्नलिस्ट पर तंज कसा है और कहा वह भी उनको एक सलाह देती हैं कि सभी को अपना काम करना चाहिए।'आधिकारिक तौर पर बीजेपी जॉइन कर लेना चाहिए'
असल में, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी के साथ प्रियंका चतुर्वेदी के परिवार की फोटो को रिपोस्ट करते हुए अमेरिका में रहने वालीं भारतीय पत्रकार सुरभि गुप्ता ने लिखा, 'उन्हें (प्रियंका चतुर्वेदी) आधारिक तौर पर बीजेपी जॉइन कर लेना चाहिए। यह उनके लिए अच्छा ही रहेगा। वैसी भी वह उनकी (पीएम मोदी) राजनीति से सहमत हैं, और यह लगातार चलने वाली खींचतान बंद हो जाएगी।' सुरभि गुप्ता का इशारा शिवसेना (UBT) और बीजेपी के बीच चलने वाली सियासी खींचतानी की तरफ था।बिना मांगी सलाह देने के लिए धन्यवाद, मैम: प्रियंका चतुर्वेदी
बहरहाल, सुरभि गुप्ता को जवाब देते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा, 'बिना मांगी सलाह देने के लिए धन्यवाद, मैम। अब कृपया मुझे भी आपको एक सलाह देने दें: मेरे काम के बजाय अपने काम पर ध्यान दें। शायद इससे आप ज्यादा कामयाबी हासिल कर पाएंगी और जीवन में भी खुश रहेंगी।'
पत्रकार का पलटवार-अपने समय का बेहतर इस्तेमाल करें
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सुरभि गुप्ता ने लिखा, 'खैर, एक पत्रकार के तौर राजनीति और राजनेताओं पर टिप्पणी करना मेरा काम है।' इस पर फिर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'टिप्पणी करना और सलाह देना एक ही बात नहीं है...जर्नलिज्म 101। आपका दिन शुभ हो मैम।' फिर सुरभि गुप्ता ने पलटवार किया, 'हाहा, आप एक पूर्व सांसद हैं और मैं एक आम पत्रकार हूं; प्लीज, मेरे बेमतलब के कमेंट्स का जवाब देने के बजाय अपने समय का बेहतर इस्तेमाल करें। यह मेरी सलाह है।'गंभीर पत्रकार बनने की कोशिश करें, प्रियंका चतुर्वेदी की सलाह
फिर प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं, 'मेरा समय, मेरी मर्जी। कम से कम आप यह तो मानती हैं कि आप एक आम पत्रकार हैं। इसलिए मैं आपको वही सलाह फिर से देती हूं कि बिना कोई नई बात जोड़े, जैसा कि आपने अभी किया कि एक गंभीर पत्रकार बनने की कोशिश करें, न कि कोई मनमौजी 'क्वीन'। इस पर काम करें, इससे आप खुश रहेंगी और जीवन में सफल भी रहेंगी।'
मोहतरमा मेरे पीछे पड़ी हुई हैं...
इस पर सुरभि गुप्ता ने लिखा, 'मैं अभी तक विनम्र थी। लेकिन अब और नहीं, आप गूगल कर सकती हैं और मेरा काम देख पढ़ सकती हैं। भारतीय राजनेताओं को क्या हो गया है? उनकी चमड़ी मोटी हुआ करती थी, अब वे बेतरतीब टिप्पणियों का जवाब दे रहे हैं। पहले किरेन रिजिजू उलझ रहे थे और अब यह मोहतरमा मेरे पीछे पड़ी हुई हैं।'