गणपति स्थापना के साथ हुई महाआरती, बच्चों के गेम्स, भजन-गरबे और सुंदरकांड ने बांधा समां
भोपाल। राजधानी के शंकर गार्डन कॉलोनी में इस वर्ष श्रीगणेश उत्सव महिला समिति द्वारा गणेश उत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। समिति की महिलाओं ने एकजुट होकर भगवान श्रीगणेश जी की प्रतिमा की स्थापना की तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया। महाआरती में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं रहवासियों ने शामिल होकर भगवान गणेश जी का आशीर्वाद लिया।
समिति प्रमुख एवं समाजसेवी सविता मालवीय ने बताया कि इससे पहले शंकर गार्डन में गणेश उत्सव का आयोजन मुख्य रूप से बच्चों द्वारा किया जाता था, लेकिन इस वर्ष महिलाओं ने मिलकर उत्सव की पूरी जिम्मेदारी संभाली है। महिलाओं ने तन-मन-धन से तैयारियां करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को एक साथ जोड़ते हुए धार्मिक वातावरण के साथ सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
गणेश उत्सव के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक गेम्स का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। वहीं महिलाओं द्वारा भजन एवं गरबे की प्रस्तुतियां दी गईं। धार्मिक वातावरण के बीच सुंदरकांड का पाठ भी आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।
पूरे आयोजन के दौरान शंकर गार्डन में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है। शाम के समय महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। भजन-गरबे के दौरान परिसर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
सविता मालवीय ने बताया कि समिति की ओर से गणेश उत्सव के समापन अवसर पर हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। हवन के बाद विधि-विधान से भगवान गणेश जी की पूजा-अर्चना की जाएगी और इसके पश्चात गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति की महिलाओं ने सभी रहवासियों से आयोजन में शामिल होकर गणेश उत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की अपील की है।