भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के फंदा ब्लॉक स्थित हरिहर नगर में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।

करीब 12 किलोमीटर की मैराथन के जरिए युवाओं ने 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने की अपील

कार्यक्रम में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सपनों का भारत बनाने के लिए युवा शक्ति को आगे आना होगा। युवाओं की आंखों में आज भी पटेल के विचारों और राष्ट्र निर्माण के उनके संकल्प का भारत दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए युवाओं को राष्ट्रभाव के साथ काम करना चाहिए।


शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दौड़ आयोजित की जाती है। इसी कड़ी में हरिहर नगर में फंदा क्षेत्र के युवाओं ने एकता दौड़ का आयोजन किया।

इसमें फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत अपनी टीम और स्थानीय लोगों के साथ शामिल हुए। विधायक ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सरदार पटेल के सपनों के भारत के निर्माण में हर व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण तीरथ सिंह मीना, जनपद एवं मंडल अध्यक्ष प्रमोद राजपूत, जिला महामंत्री सत्यनारायण शर्मा, रवि राजपूत, राहुल परिहार सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।