राजस्थान में दो दिन हुई बारिश ने दिन में सर्दी बढ़ा दी है। बीकानेर, जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा। अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली, फतेहपुर (सीकर) में भी रविवार को दिन सामान्य से ज्यादा ठंडा रहा।
मौसम विभाग की मानें तो राज्य में अब अगले तीन-चार दिन मौसम ड्राई रहेगा। इस दौरान शहरों में रात में सर्दी बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकलेगी।
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो रविवार को अजमेर, सीकर समेत अन्य शहरों में बादल छाए, जिससे यहां दिन के तापमान में गिरावट हुई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पाली में 34.4, बाड़मेर में 34, अजमेर में 33.1, जोधपुर में 32.3, डूंगरपुर में 32.3, भीलवाड़ा में 33 और टोंक में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
माउंट आबू में सबसे ज्यादा ठंडक
रविवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से राज्य के अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा ठंडी रात हिल स्टेशन माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सिरोही में न्यूनतम तापमान 13.9, टोंक में 14, उदयपुर, भीलवाड़ा में 14.2, करौली में 15.4, अजमेर में 16.2 और सीकर, अलवर में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आज से रात में बढ़ेगी सर्दी
मौसम विशेषज्ञों ने बताया- वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बाद अब राजस्थान में आज से रात में सर्दी तेज होने की संभावना है। श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर समेत अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने का अनुमान है।
जयपुर में रविवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हल्के बादल छाए। इससे जयपुर के तापमान में गिरावट हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अजमेर में दिन में तेज धूप और गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं, सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने लगी है। लोगों ने हल्के गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। रविवार को दिन का तापमान बढ़ गया। अधिकतम तापमान 33.1 और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अजमेर का अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 14.7 डिग्री दर्ज किया गया था।
उदयपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान में 1.1 और अधिकतम में 0.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। सुबह और शाम सर्दी बढ़ गई है। दिन में धूप की तपन कम होने से टूरिस्ट स्पॉट पर अच्छी भीड़ देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोटा में रविवार को अधिकतम तापमान में अचानक कमी आई। अधिकतम तापमान 34.2 से गिरकर 31.3 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। अब कोटा में आगामी दिनों में दिन में भी सर्दी का असर देखने को मिलेगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। एक दिन पहले जहां न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस था, वह बढ़कर 18.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।
अलवर में रविवार को सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह 4 बजे से ठंडी हवा चलने लगी। इसके बाद बादल छाए रहे। सुबह करीब 11:30 बजे आधे घंटे तक बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम में ठंडक बढ़ गई और तापमान में गिरावट का एहसास हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में अलवर में तापमान में लगातार गिरावट होने की संभावना है।
जोधपुर में रविवार को आंधी-बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया था। लेकिन इसका असर देखने को नहीं मिला। मौसम सामान्य रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा था।
सीकर के मौसम में रविवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। सुबह से कई इलाकों में बूंदाबांदी जारी रही। फिर दोपहर तक घने बादल छाए रहे। इसके बाद धूप निकल गई, लेकिन बारिश होने के चलते दिन में भी ठंडक रही। न्यूनतम तापमान 17.4 और अधिकतम 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब सर्दी बढ़ने के आसार हैं।