राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले राजस्थान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पंजाब के गुरुदासपुर से एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
एटीएस एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि ब्लास्ट का पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आया है। आरोपी महिला महकदीप कौर सोशल मीडिया के जरिए उस एजेंट के कॉन्टैक्ट में थी।
ब्लास्ट के लिए उसे 30 हजार रुपए मिले थे। 3 नवंबर की रात करीब 9.45 बजे हुए ब्लास्ट से करीब आधा घंटे पहले ही एक पैसेंजर ट्रेन निकली थी। ब्लास्ट के बाद करीब 10 घंटे तक ये रूट बंद रहा था।
पाकिस्तानी एजेंट शाह से मिले थे ऑर्डर
एटीएस अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तानी एजेंट शाह दोस्तपुर (गुरुदासपुर) की रहने वाली महकदीप कौर (21) के संपर्क में था। महकदीप अपने साथी चौड़ा कलां (गुरुदासपुर) के रहने वाले दविन्दर सिंह (23) के साथ राजस्थान आई थी। एजेंट ने आरोपियों को खाली हाथ राजस्थान भेजा था। यहां आने के बाद एक पॉइंट पर उन्हें आईईडी का पैकेट मिला था।
ब्लास्ट के लिए दो बार राजस्थान आए, पर साजिश विफल हो गई
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि ब्लास्ट से पहले आरोपी दो बार श्रीगंगानगर आए थे, पर साजिश विफल रही। आरोपी पहले 6 अक्टूबर को आए, इन्होंने कई जगह रेकी की, लेकिन ब्लास्ट नही कर सके।
12-13 अक्टूबर को वापस लौटे और ब्लास्ट के बम प्लांट कर दिया, लेकिन ब्लास्ट हुआ नहीं। फिर 3 नवंबर को आए। उन्होंने फिर से पैकेट को रेलवे ट्रैक पर प्लांट कर दिया था। इसी में धमाका हुआ था।
मोबाइल में मिली सीक्रेट जानकारियां
एटीएस को आरोपियों के पास से 2 हथियार 46 कारतूस मिले हैं। इनके पास पाकिस्तानी एजेंट के दिए हुए 30 हजार रुपए भी एटीएस ने बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइलों की जांच शुरू कर दी, जिसमें पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसे के लेन-देन के इनपुट भी मिले हैं।
केंद्रीय एजेंसियों से मिला था इनपुट
एटीएस एडीजी एमएन दिनेश ने बताया कि तीन दिन पहले केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट पर वे टीमों साथ पंजाब पहुंचे। कार्रवाई में श्रीगंगानगर से आईपीएस नितिन चौधरी, एटीएस से एएसपी मनीष शर्मा व सुरेन्द्र सिंह की टीमें शामिल रहीं। पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया तो इनकी लोकेशन गुरुदासपुर में मिली।
राजस्थान में ट्रेन बेपटरी करने की साजिश पहले भी हुईं
19 जनवरी, 2026: 9 महीने पहले जयपुर में विदेशी पर्यटकों से भरी महाराजा एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश हुई। साजिशकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक पर लोहे की एंगल रख दिए थे। लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
07 अप्रैल, 2026: चित्तौड़गढ़ में इसी साल 7 अप्रैल को रात करीब 2.37 बजे रेल ट्रैक पर लोहे की पटरी रखकर मालगाड़ी को डिरेल करने की कोशिश की गई। ओराई नदी की पुलिया पर रखे 17 फीट टुकड़े से इंजन टकराया, लेकिन वह दूर गिर गया और हादसा टल गया।
23 अगस्त, 2024 :दो साल पहले पाली में हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत को बेपटरी करने की साजिश का मामला सामने आया था। 23 अगस्त की रात को अज्ञात व्यक्ति ने ट्रैक पर सीमेंट का ब्लॉक रख दिया था। रात करीब साढ़े 8 बजे अहमदाबाद से जोधपुर आ रही वंदे भारत ट्रेन इस सीमेंट के ब्लॉक से टकरा गई थी।