नई दिल्ली: BCCI द्वारा मुख्य चयनकर्ता पद के लिए वैकेंसी की घोषणा करते ही स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का एक हैरान कर देने वाला पोस्ट सामने आया है। पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के ठीक कुछ घंटे बाद जडेजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीसीसीआई के आवेदन वाले पोस्ट पर कमेंट किया है। जडेजा ने बीसीसीआई के इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए सीधा सवाल पूछा कि मुख्य चयनकर्ता पद के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया क्या है? सोशल मीडिया पर बेहद कम एक्टिव रहने वाले जडेजा के इस कदम ने फैंस और क्रिकेट जगत के बीच हलचल बढ़ा दी है।अजीत अगरकर के फैसलों से नाखुश थे रविंद्र जडेजा?
भले ही रविंद्र जडेजा और अजीत अगरकर के बीच कभी खुलकर कोई मतभेद सामने नहीं आए, लेकिन अगरकर के कार्यकाल में जडेजा की ODI टीम में जगह को लेकर लगातार अनिश्चितता बनी हुई थी। 2022 टी20 वर्ल्ड कप में मिली करारी हार के बाद अजीत अगरकर ने टी20 टीम में युवा खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की नीति बनाई थी। हालांकि, 2024 टी20 विश्व कप से ठीक पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा की वापसी हुई और भारत ने विश्व कप जीता। खिताब जीतने के तुरंत बाद तीनों दिग्गजों ने टी20 फॉर्मेंट से संन्यास ले लिया था।वनडे टीम से साइडलाइन
अगरकर के कार्यकाल के दौरान जडेजा को 2024 में श्रीलंका के खिलाफ और 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, अगरकर हमेशा यही कहते रहे कि जडेजा वनडे सेटअप का अहम हिस्सा हैं, लेकिन उनके फैसलों से यह कभी भी नहीं लगता था कि वह जडेजा को वनडे सेटअप का हिस्सा मानते हैं।
पहले भी छलका था जडेजा का दर्द
ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान जब जडेजा से वनडे टीम से बाहर किए जाने पर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने बिना झिझक अपनी बात रखी थी। जडेजा ने कहा था, 'चयन मेरे हाथ में नहीं है। मैं निश्चित रूप से खेलना चाहता हूं। दिन के अंत में टीम मैनेजमेंट, चयनकर्ता, कोच और कप्तान की अपनी सोच होती है और मुझे इस सीरीज के लिए न चुनने के पीछे उनके अपने कारण होंगे। उन्होंने मुझसे बात की थी, इसलिए टीम की घोषणा के बाद मेरे लिए यह कोई सरप्राइज नहीं था।'सोशल मीडिया पर काफी कम एक्टिव रहते हैं जडेजा
रविंद्र जडेजा सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने के लिए नहीं जाने जाते हैं। इससे पहले उन्होंने इस साल फरवरी में रविचंद्रन अश्विन के नेपाल क्रिकेट से जुड़े एक पोस्ट पर आखिरी बार रिप्लाई किया था। ऐसे में बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर वाले पोस्ट पर उनका अचानक आकर आवेदन प्रक्रिया पूछना यह बयां करता है कि अगरकर के कार्यकाल में उनका अनुभव बहुत सहज नहीं रहा था।