दिवाली ब्रेक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार (11 नवंबर) से एक बार फिर अपनी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं। 20 अक्टूबर को उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर शुरू हुई यह यात्रा 5 नवंबर को राघौगढ़ के पाटई आश्रम में रुकी थी। 5 दिनों के त्योहार विराम के बाद दिग्गी राजा का यह कारवां आरोन (गुना) से अपनी अगली मंजिल के लिए रवाना होगा।
मध्य प्रदेश के 8 जिलों और 16 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए यह यात्रा 18 नवंबर को उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल होगी।
18 नवंबर को UP में एंट्री, चंदेरी से राजघाट बांध होकर गुजरेंगे
शेड्यूल के मुताबिक, मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी में दिल्ली दरवाजा और हथकरघा ग्राम प्राणपुर से होते हुए पदयात्रा 18 नवंबर की दोपहर बेतवा नदी (राजघाट बांध चौराहा) पहुंचेगी। यहीं से दिग्गी राजा मध्य प्रदेश की सीमा लांघकर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में प्रवेश कर जाएंगे।
18 से 22 नवंबर तक यूपी होते हुए एमपी में फिर आएगी यात्रा
उत्तर प्रदेश में 18 से 22 नवंबर तक (5 दिन) यात्रा ललितपुर जिले के अलग-अलग गांवों और कसबों से होकर गुजरेगी। इसके बाद 23 नवंबर को यात्रा दोबारा MP (निवाड़ी जिला) में प्रवेश करेगी और 25 नवंबर को ओरछा के श्री रामराजा सरकार मंदिर में समाप्त होगी। 26 नवंबर को ओरछा में शिवार्चन के बाद दिग्विजय कार से दतिया पहुंचकर पीतांबरा माई के दर्शन करेंगे।
UP चुनाव के शबाब के बीच सपा का साथ: अखिलेश भी होंगे शामिल
दिग्विजय सिंह की यह यात्रा जिस वक्त उत्तर प्रदेश के इलाकों से गुजरेगी, उस वक्त UP विधानसभा चुनाव का माहौल पूरी तरह शबाब पर होगा। राजनीतिक हलकों में इस यात्रा के यूपी रूट को लेकर हलचल तेज है।
मिली जानकारी के अनुसार, यूपी में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी दिग्विजय सिंह की इस पदयात्रा में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान केवल कांग्रेसी ही नहीं, बल्कि सपा के स्थानीय और बड़े नेता भी कदम से कदम मिलाते नजर आएंगे।
हालांकि, दतिया से यूपी के हिस्से में अयोध्या तक के आगे के रूट में अभी भी कई संशोधन होने बाकी हैं।
नेताओं में 'मेजबानी' की होड़: MP वाले फुल, अब UP के लिए रिक्वेस्ट
पदयात्रियों के नाश्ते, लंच और डिनर की पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के कंधों पर है। दिग्विजय सिंह के करीबी सूत्रों की मानें तो मध्य प्रदेश के हर दिन के हर पॉइंट (टी-ब्रेक, दोपहर का भोजन और रात्रि विश्राम) के लिए स्थान और नेता पहले से ही तय हो चुके हैं। एमपी का हर पॉइंट किसी न किसी कांग्रेस नेता को अलॉट कर दिया गया है।
अब स्थिति यह है कि मध्य प्रदेश के जिन नेताओं को अपने क्षेत्र में मेजबानी का मौका नहीं मिल पाया या जो आगे का इंतजाम संभालना चाहते हैं, वे यूपी के हिस्से में भोजन और ठहरने की व्यवस्था स्पॉन्सर करने के लिए दिग्विजय सिंह के दफ्तर में रिक्वेस्ट भेज रहे हैं! यूपी के सपा और कांग्रेस नेता भी इस मेजबानी की होड़ में पीछे नहीं हैं।