स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजे बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान करेंगी।

इस बार मध्य प्रदेश को कुल 9 पुरस्कार मिलने की उम्मीद है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर के साथ बुधनी, देपालपुर, देवास और सागर भी सम्मानित होंगे।

हालांकि, प्रदेश की राजधानी भोपाल इस बार पुरस्कारों की दौड़ से बाहर है। पिछली बार 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में देश में दूसरे स्थान पर रहे भोपाल को इस बार समारोह का न्योता तक नहीं मिला है।

इस बार बड़ी श्रेणी के पांच शहरों में भोपाल शामिल नहीं है। वहीं, सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर और देपालपुर की जोड़ी को पुरस्कार मिल सकता है।


दोनों शहरों को समारोह में शामिल होने का बुलावा मिला है, जबकि भोपाल और बैरसिया को आमंत्रित नहीं किया गया। ऐसे में इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर के साथ स्वच्छ शहर जोड़ी का पुरस्कार भी मिल सकता है।


सात साल की मेहनत के बाद टॉप-2, अब दौड़ से बाहर

भोपाल ने लगातार सात साल की मेहनत के बाद पिछली स्वच्छता रैंकिंग में देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का मुकाम हासिल किया था। लेकिन इस बार शहर को राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में जगह नहीं मिली।

इसकी बड़ी वजह आदमपुर छावनी में जमा करीब 5 लाख टन पुराने कचरे का निपटान नहीं होना माना जा रहा है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में प्रकरण चल रहा है।

जिम्मेदारों के मुताबिक, स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान शहरों की मैदानी स्थिति जांचने के लिए तीन टीमें आनी थीं। जून-जुलाई में पहली टीम ही भोपाल पहुंची, लेकिन दूसरी टीम का इंतजार होता रहा।

अधिकारियों का मानना है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में इसका असर शहर की रैंकिंग पर पड़ा। हालांकि, पुरस्कारों के लिए भोपाल को आमंत्रण नहीं मिलने के पीछे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं है।


4751 से अधिक शहरों का 43 संकेतकों पर हुआ मूल्यांकन

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण है। इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया है। नई दिल्ली में होने वाले समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।

43 संकेतों का आकलन किया

शहरी निकायों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर आकलन किया गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों का कल्याण शामिल हैं।

देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने मौके पर जाकर शहरों की स्थिति जांची। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और जीपीएस आधारित निगरानी से की गई।


‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ में इंदौर-देपालपुर को मिल सकता है पुरस्कार

इस बार ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 70 मेंटर शहरों को 191 अन्य शहरों से जोड़ा गया था। इसका उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के अनुभव साझा कर दूसरे शहरों में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था सुधारना है।

इस पहल में इंदौर की जोड़ी देपालपुर और भोपाल की जोड़ी बैरसिया से बनाई गई थी। फिलहाल इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को पुरस्कार मिलने की संभावना जताई जा रही है।

दोनों शहरों को समारोह का न्योता मिला है। ऐसे में इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर और स्वच्छ शहर जोड़ी, दो श्रेणियों में पुरस्कार मिल सकते हैं।


भोपाल निगम ने बैरसिया में भी किया था काम

सुपर स्वच्छ लीग के तहत बड़े शहरों को छोटे शहरों की मेंटरिंग कर वहां सफाई व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी के तहत भोपाल नगर निगम ने बैरसिया में काम किया था।

मुख्य सड़कों और बाजारों से धूल हटाने के लिए निगम ने अपनी मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें बैरसिया भेजी थीं। बाजारों में दुकानदारों को डस्टबिन रखने और घरों में कचरा अलग-अलग रखने के लिए थ्री-बिन सिस्टम अपनाने के लिए प्रेरित किया गया था।


पिछली बार भोपाल को मिले थे 12,067 अंक, 7 स्टार रेटिंग भी

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में भोपाल ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में दूसरा स्थान हासिल किया था। शहर को कुल 12,500 अंकों में से 12,067 अंक मिले थे।

इसमें सर्वेक्षण के 10 हजार अंकों में से 9,567 और सर्टिफिकेशन के लिए निर्धारित 2,500 में से पूरे अंक शामिल थे। भोपाल को कचरा मुक्त शहरों की श्रेणी में 7 स्टार रेटिंग भी मिली थी। इसके साथ ही शहर ने सबसे स्वच्छ राजधानी और वाटर+ सिटी का गौरव भी बरकरार रखा था।

वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने इसके लिए नगर निगम की कार्यप्रणाली और कचरा प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च होने और बड़े-बड़े दावों के बावजूद शहर अपनी पहचान खो बैठा।


2024 के नतीजों में पांचवें नंबर पर था भोपाल

पिछले सर्वेक्षण में भोपाल ने तीन स्थान की छलांग लगाई थी। कचरे की प्रोसेसिंग में सुधार और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को मजबूत करने के बाद नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन का दावा किया था। फरवरी में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन को भी स्वच्छता उपलब्धियों के लिए अनुकूल माना गया था।

पिछली बार 5वें स्थान पर था जबलपुर

जबलपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में पुरस्कार मिलने की वजह देशभर के करीब 4800 नगरीय निकायों के बीच शहर का टॉप-3 में जगह बनाना है। पिछले साल शहर पांचवें स्थान पर था, जबकि इस बार पहला, दूसरा या तीसरा स्थान मिलने की संभावना है।


रीवा रहा था 5वें नंबर पर

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में रीवा ने 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पांचवां स्थान हासिल कर शीर्ष पांच स्वच्छ शहरों में जगह बनाई थी। नगर निगम को फाइव स्टार रेटिंग भी मिली थी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत रीवा को 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में आमंत्रित किया गया है।

उज्जैन चयनित, सफाई में रहे बेहतर प्रयास

उज्जैन को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुने जाने के पीछे कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था में किए गए कई प्रयास अहम रहे। नगर निगम ने एमआर-5 और गोंदिया ट्रेंचिंग ग्राउंड पर वेस्ट मैनेजमेंट के नए प्लांट लगाए। चप्पल-जूतों के कचरे और ग्रीन वेस्ट के निस्तारण के लिए अलग-अलग प्लांट तैयार किए गए। महाकाल मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास बीटवार प्लानिंग कर कचरे का निष्पादन किया गया।