कानपुर में 5 मंजिला अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में 2 की मौत हो गई। 8-10 लोग झुलस गए। पार्किंग में खड़ीं स्कूटी-बाइकें जल गईं। अपार्टमेंट में कुल 12 फ्लैट हैं। इनमें 50 से 60 लोग रहते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे नीचे के फ्लैट में आग लगी। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। नीचे जाने वाली सीढ़ियों में धुआं भर गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

5-6 फीट चौड़ी गली में बने अपार्टमेंट के सामने 2 मंजिला मकान है। ऐसे में ऊपरी मंजिल के लोग साड़ी और चादरों के सहारे दूसरी मंजिल पर लटकते हुए आए। नीचे वाले सीढ़ियों से ऊपर पहुंचे। फिर पटरा लगाकर मकान की छत पर उतरे।

डर की वजह से 8-10 लोग बालकनी से नीचे कूद गए। उन्हें चोटें आई हैं। मृतकों में राखी साहू (48) और प्रांजुल बाथम (15) शामिल हैं। प्रांजुल की मौत जिंदा जलने से हुई। राखी तीसरी मंजिल से कूद गई थीं। नीचे खड़े वैभव गुप्ता पर गिरीं।

राखी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैभव की रीढ़ की हड्‌डी टूट गई। पुलिस का कहना है कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हादसा शहर के बीचोंबीच फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में बने राधिका अपार्टमेंट में हुआ।

प्रांजुल के पिता बोले- बेटा छत पर सिकुड़ा मिला

प्रांजुल के पिता अनिल बाथम ने बताया- परिवार के साथ 5वें फ्लोर पर रहते हैं। तीन साल पहले 25 लाख रुपए में 2BHK फ्लैट खरीदा था। परिवार में पत्नी मीता बाथम, 16 वर्षीय बेटा प्रांजल बाथम व 8 साल की बेटी गौरी है। पटकापुर में ही मेरा एसी सर्विस सेंटर है। बेटा विकास नगर स्थित जुगल देवी में 11वीं का छात्र था।

उन्होंने बताया- सुबह चार बजे तड़के दरवाजे की घंटी बज रही थी। दरवाजा खोला तो आग और धुंआ दिखा। मैंने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया। बेटा नींद में था जैसे ही मैंने कहा- आग लगी है तो उसे लगा घर में आग लगी है। वो तुरंत दरवाजा खोलकर छत की ओर भागा। हम लोग बालकनी में खड़े थे। हमें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई तब हम बचे। बाद में देखा बेटा छत पर सिकुड़ा हुआ मिला।


2 दिन पहले दादा–दादी के घर गए थे बच्चे, वो बच गए

अधिवक्ता जितेंद्र साहू की 45 वर्षीय पत्नी राखी साहू की मौत हो गई। अधिवक्ता अपार्टमेंट के थर्ड फ्लोर में 2 बीएचके फ्लैट में रहते थे। उनके दो बच्चे शिवांश और शिवन्या है। जितेंद्र ने बताया-स्कूल की छुट्‌टी होने के चलते बच्चे सिविल लाइंस स्थित माता–पाता के घर गए हुए थे।

जितेंद्र ने बताया- तड़के लोगों के बाहर से चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। फ्लैट से झांक कर देखा तो पूरे अपार्टमेंट भीषण आग लगी थी। मैंने बक्शे से दो चादर निकाली और पत्नी को लेकर बालकनी में आ गया। मैंने नीचे चादर लटकाई और पत्नी से कहा- घबराना मत और चादर मजबूती से पकड़ो। जैसे ही वो नीचे उतरने लगी तो घबराकर चादर छोड़ दिया। वह अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर रहने वाले वैभव गुप्ता के ऊपर जा गिरी। राखी के सिर और रीढ़ की हड्‌डी में चोट लगने के कारण मौके पर हीं मौत हो गई।


'जब आग लगी, तब सभी सो रहे थे'

महेश तिवारी ने बताया, "मैं राधिका अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर रहता हूं। सुबह सभी सो रहे थे, तभी अचानक शोर मचने लगा। दरवाजा खोला तो चारों तरफ धुआं था और आग लगी थी। अफरातफरी मच गई। हम लोग जान बचाने के लिए भागे। तीसरे फ्लोर से धोती के सहारे सेकेंड फ्लोर पर उतरे। वहां पटरा लगाकर सामने वाली बिल्डिंग की छत पर गए।

उन्होंने बताया- अपार्टमेंट के मालिक का नाम मोहित तिवारी है। यहां फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं हैं। दमकल की गाड़ियां भी काफी देर से पहुंचीं। तब तक हम लोगों समेत कई लोग नीचे उतर चुके थे।

एडवोकेट की पत्नी तीसरी मंजिल से कूदी, मौत

  • पटकापुर के रहने वाले योगेश पांडेय ने बताया- तीसरे फ्लोर पर रहने वाले एडवोकेट जीतेंद्र साहू की पत्नी की कूदने से मौत हो गई। जबकि 5वें फ्लोर पर रहने वाले अनिल बाथम के बेटे की मौत हो गई। अनिल और उनकी पत्नी की भी हालत गंभीर है। अनिल की खुद की इलेक्ट्रॉनिक शॉप है।

  • ज्ञान शुक्ला ने बताया- मेरा बेटा अपने ताऊ के घर आया था। सुबह आग की सूचना पर हम लोग पहुंचे और बगल वाले घर से उन लोगों को बाहर निकाला। हादसा तो बहुत बड़ा था, लेकिन भगवान की दया से सब कुछ ठीक है।

  • सुरेंद्र कश्यप ने बताया- मैं राधिका अपार्टमेंट के बगल में रहता हूं। मुझे रात में नींद नहीं आ रही थी। चिल्लाने की आवाज आई तो बाहर देखा। अपार्टमेंट में भीषण आग लगी थी। थोड़ी देर में भाई आ गया। हम लोगों ने तुरंत सीढ़ी और पटरी की व्यवस्था की। 10-12 लोगों को निकाला।


5-6 फीट चौड़ी गली में 2 साल पहले बना था अपार्टमेंट

आसपास के लोगों ने बताया कि अपार्टमेंट (मकान संख्या 9/74) रामनारायण बाजार में है। 5-6 फीट चौड़ी गली में लगभग 2 साल पहले बना था। इससे बाहर आने का एक ही रास्ता है। वो भी काफी सकरा है। आरोप लगाया कि आग के बाद हमने डायल 112 पर फोन किया, लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठा।

ACP कोतवाली अमित पांडेय ने बताया- सुबह अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। अपार्टमेंट में 12 फ्लैट हैं। कुछ लोग पड़ोस के मकानों की दीवारों के सहारे बाहर निकलने में सफल रहे। बाकियों को फायर ब्रिगेड की टीम ने बाहर निकाला। इनमें एक बुजुर्ग, कुछ महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।


'जितनी भी बिल्डिंगें बनी हैं, सभी की एक बार जांच होनी चाहिए'

स्थानीय निवासी ने बताया, "यहां जितनी भी बिल्डिंगें बनी हैं, सभी की एक बार जांच होनी चाहिए। पता करना चाहिए कि वे किस मानक के हिसाब से और किन परिस्थितियों में बनाई गई हैं। तीन-चार मंजिल बनाने की अनुमति होती है, लेकिन इमारतें पांच-पांच मंजिल तक बना दी जाती हैं। पूरे मामले की तत्काल जांच होनी चाहिए। हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों और प्रभावित लोगों को मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही यह भी तय होना चाहिए कि इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है और किसकी जवाबदेही बनती है।"


एक महिला की हालत गंभीर, 40 फीसदी तक जली

उर्सला हॉस्पिटल के डॉ. शुभम जैन ने बताया- हमारे पास 4 लोग आए। इसमें राखी और प्रांजुल की मौत हो चुकी थी। प्रांजुल पूरी तरह जल चुका था। वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्‌डी में चोट आई है। शायद आग से बचते समय कूदे होंगे। उनको हैलट के न्यूरो डिपार्टमेंट के लिए रेफर किया गया है। प्रांजुल की मां मीता करीब 40% जली हैं। उनकी हालत गंभीर है।


पुलिस कमिश्नर बोले- अवैध बिल्डिंगों पर होगी कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा- घटना की जानकारी हुई है। चार मीटर की रोड पर 6 मंजिला बिल्डिंग बना हुआ है। बिल्डर की पूरी लापरवाही है। फायर के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं है। मैंने वीसी केडीए से भी बात की है। उनसे कहा है कि एक बार ऐसी बिल्डिंगों को चिह्नित कर दें तो संयुक्त रूप से अभियान चलाकर एक्शन लेंगे।

CFO बोले- पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में आग लगी थी

CFO दीपक शर्मा ने बताया- 4 बजकर 54 मिनट पर हमारे मिनी फायर कंट्रोल रूम में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर लाटूश रोड और कर्नलगंज की यूनिटों का प्रभारी के साथ भेजा गया। मैं भी पहुंचा।

वहां ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़ी बाइकों में आग लगी थी। वहीं से हीट और धुआं ऊपरी मंजिल की ओर गया। करीब 8 लोगों को टीम ने रेस्क्यू करके बाहर निकाला।