उत्तराखंड पुलिस पर देर रात यूपी के गौकशी के आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना देहरादून के ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास की है। देर रात यहां चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पिस्तौल दिखाकर भागने की कोशिश की।

घायल आरोपी को इलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में इलाके में कांबिंग कर रही है।


5 पॉइंट में खबर…

1. पल्सर सवार संदिग्धों ने रुकने के बजाय दिखाई पिस्तौल- एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत संदिग्धों और अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देर रात प्रेमनगर थाना पुलिस की टीम ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस को पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो दोनों बदमाश रुकने के बजाय पुलिस को पिस्तौल दिखाकर तेज रफ्तार में भागने लगे।

2. पीछा करने पर की अंधाधुंध फायरिंग- पुलिस टीम ने तत्काल बाइक सवारों का पीछा शुरू किया। दोनों आरोपी दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट के रास्ते भागने लगे और इसी दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।


3. एक को लगी गोली, दूसरा फरार- पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

4. इसी महीने की थी गौकशी की वारदात- पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के खजुनावर (थाना फतेहपुर) निवासी 32 वर्षीय इरशाद के रूप में हुई है। वहीं, फरार साथी की पहचान गंदेबड़ा (थाना फतेहपुर, सहारनपुर) निवासी शमीम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घायल इरशाद ने इसी महीने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था और पुलिस को उसकी तलाश थी। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है।

5. एसपी सिटी ने लिया जायजा- मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर सुयाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल और प्रेमनगर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और घायल आरोपी से पूछताछ की।

पुलिस फरार आरोपी शमीम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आसपास के इलाके में सघन कांबिंग कर रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाहरी राज्यों से आकर देहरादून में गौकशी, गौतस्करी और नशा तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।