सीएम योगी ने रविवार को लखनऊ में कहा- हमने 9.5 साल में 9.50 लाख नौकरी दी तो अखिलेश यादव ने पूछा कि अब क्यों नहीं दे रहे? मैंने कहा- आपकी यह चिंता नहीं होनी चाहिए। बल्कि, यह चिंता करिए कि आपको 4 बार मौका मिला, लेकिन क्यों नहीं दे पाए।

सीएम ने कहा- 22 सितंबर से अब तक हजारों जॉइनिंग लेटर बांट चुके हैं। आने वाले समय में और भी नौकरी देने जा रहे हैं। मैंने समाजवादी पार्टी के मुखिया को आश्वस्त कर दिया है कि चिंता मत करिए। तीसरी पारी आएगी तो नौकरियों में और भी चौके-छक्के लगाएंगे।

योगी ने लखनऊ से 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने आज स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत लखनऊ मंडल के 300 कॉलेजों के 50 हजार युवाओं को टैबलेट बांटे।


1. यूपी में दंगाई चूहे बनकर बिलों में दुबक गए
योगी ने कहा- यूपी में माफिया मिट्टी में मिल गए, दंगाई चूहे बनकर बिलों में दुबक गए। नकल माफिया पर पहरा लगा दिया गया। ये सभी पहले युवाओं के लिए पहचान का संकट खड़ा करते थे।

2. चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली करने निकल पड़ती थी
सीएम ने कहा- पहले की सरकारों में किसी भर्ती का विज्ञापन निकलता था तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली करने निकल पड़ती थी। हम यह सब व्यवस्था समाप्त कर पारदर्शिता और ईमानदारी से नौकरी दे रहे हैं।

3. युवाओं के अंदर बजरंगबली की ताकत
सीएम ने कहा- युवाओं के अंदर बजरंगबली की ताकत है। यूपी की 60 फीसदी आबादी युवा है। पहले चरण में 5 लाख टैबलेट दिए थे। अब 25 लाख युवाओं को टैबलेट मुहैया कराएंगे। इसका उपयोग पढ़ने में करिएगा।


4. सपा सरकार में भर्ती आते ही युवा डरने लगते थे
योगी ने कहा- सपा की सरकार में भर्ती आते ही आशंका पैदा हो जाती थी। स्थितियां स्पष्ट नहीं होती थीं। लोग नौकरी के लिए पैसा देते थे। वह पैसा भी फंस जाता था।

5. योगी बोले- मतदाता सूची में अपना नाम जरूर डलवाइए
सीएम योगी ने कहा- 1 जनवरी 2027 को जो भी युवा 18 साल का होने जा रहा है, उन सबको मतदाता सूची में अपना नाम डलवाना है। आपका यह अधिकार है। एक अपात्र व्यक्ति मतदाता बनता है तो एक पात्र का हक छीन लेता है।


बीकॉम ऑनर्स की स्टूडेंट सात्विका वर्मा ने कहा कि वह टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई-लिखाई से जुड़े कामों के लिए करेंगी। उन्होंने कहा, “टैबलेट बहुत अच्छा है। इसके फीचर्स, पिक्चर क्वालिटी और स्टोरेज भी अच्छा है। इसमें 4 जीबी रैम है।”


लखनऊ यूनिवर्सिटी की BA पांचवें सेमेस्टर की स्टूडेंट प्राची ने बताया कि टैबलेट मिलने से उनकी पढ़ाई आसान होगी। उन्होंने कहा, “हमारी पढ़ाई के लिए यह टैबलेट बहुत उपयोगी रहेगा। कई बार नोट्स और किताबें साथ लेकर चलने में परेशानी होती है। किताबें भारी भी होती हैं। ऐसे में टैबलेट से पढ़ाई का सामान आसानी से साथ रख सकेंगे।”
अभी तक उनके पास टैबलेट और लैपटॉप नहीं था, सिर्फ मोबाइल फोन था। भाषण के बारे में पूछने पर प्राची ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री की ओर से कही गई बातें अच्छी लगीं।


लखनऊ यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट पल्लवी श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने बताया, “मैं लखनऊ यूनिवर्सिटी से बैचलर्स ऑफ आर्ट्स (BA) कर रही हूं। हमें टैबलेट मिले हैं, जिनका इस्तेमाल हम अपनी पढ़ाई में कर सकते हैं। इससे बहुत खुशी हो रही है।”


स्टूडेंट प्रगति मिश्रा ने कहा कि टैबलेट मिलने से उन्हें अपनी पढ़ाई बेहतर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लगा। मैं अपनी यूनिवर्सिटी और यूपी सरकार की बहुत आभारी हूं कि मुझे यह मौका मिला। इस टैबलेट की मदद से मैं अपनी पढ़ाई को और बेहतर कर सकती हूं।”
प्रगति मिश्रा लखनऊ यूनिवर्सिटी में BA NEP के पांचवें सेमेस्टर की स्टूडेंट हैं।