इस्लामाबाद: पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत में होने वाले SCO सभ्यतागत संवाद में देश के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शामिल होने नई दिल्ली जाएंगे। पिछले साल अप्रैल-मई महीने में हुए तनाव के बाद ये पहला मौका है जब पाकिस्तानी मंत्री भारत दौरे पर होंगे। डॉ. मुसादिक मसूद मलिक पाकिस्तान के वही मंत्री हैं जिन्होंने सिंधु जल संधि को सस्पेंड करने के बाद भारत को 'हाथ काटने' की धमकी दी थी। उन्होंने पिछले साल जून में भारत को धमकाने की कोशिश की थी।
मुसादिक मलिक ने पिछले साल जून में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था 'पाकिस्तान सिंधु पानी को कंट्रोल करने की कोशिश करने वालों के हाथ काट देगा।' उन्होंने उस दौरान आरोप लगाए थे कि भारत पाकिस्तान आने वाले पानी के बहाव को रोकना चाहता है। मुसादिक मलिक पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री हैं जबकि नई दिल्ली जो एससीओ समिट का आयोजन कर रहा है उसका थीम 'सभ्यतागत संवाद' है।
पाकिस्तान अपने विवादित मंत्री को क्यों भेज रहा है?
मुसादिक मलिक को भेजने का मतलब है कि पाकिस्तान का मकसद भारत से किसी भी तरह तनाव को कम करना नहीं है जैसा कि देश-विदेश की मीडिया में रिपोर्ट किया गया है। मुसादिक मलिक के 'हाथ काटने' वाले बयान ने दोनों देशों के बीच के तनाव को काफी बढ़ाया था जबकि अगर आप तनाव को सामान्य करने की कोशिश कर रहे होते हैं तो ऐसे मंत्री को भेजना चाहिए था जो डिप्लोमेसी में माहिर हो।
दरअसल पाकिस्तान की शहबाज सरकार के मन में एक ये डर हो सकता है कि भारत में अपने मंत्री को भेजने से घरेलू दर्शकों के सामने जवाब देना मुश्किल हो सकता है लेकिन एक ऐसे मंत्री को भेजना जो आक्रामक और विवादित रूख अपना चुका हो, उसे भेजकर शायद शहबाज शरीफ ये संदेश देना चाहते हों कि पाकिस्तान अपनी शर्तों पर और जियो-पॉलिटिक्स की जरूरत के हिसाब से फैसले कर रहा है। उसने भारत के सामने सख्त रूख बनाकर रखा हुआ है।
क्या सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाएगा पाकिस्तान?
मुसादिक मलिक पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री हैं ऐसे में उन्हें भारत भेजने का एक मकसद सिंधु जल संधि के मुद्दे को उठाना भी हो सकता है। हो सकता है कि SCO सभ्यतागत संवाद के मंच से पाकिस्तान नई दिल्ली से भारत पर निशाना साधना चाहता हो। बहुत संभव है कि पाकिस्तानी मंत्री एससीओ देशों के सामने पानी का मुद्दा उठाए। पाकिस्तान दुनिया के हर मंच से सिंधु जल संधि का मुद्दा उठा रहा है, वो भारत पर पानी रोककर पाकिस्तान में आर्थिक संकट फैलाने और उसकी अर्थव्यवस्था को तबाह तक करने की कोशिश का आरोप लगा रहा है ऐसे में पाकिस्तानी मंत्री नई दिल्ली से सिंधु जल संधि का मुद्दा उठा सकते हैं।