भोपाल: आदिवासी बहुल अंचल में विकास की एक नई इबारत लिखी गई है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती यानी जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर धार जिले के डही में आयोजित भव्य समारोह में 'डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट' की शुरुआत कर दी गई। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का लोकार्पण किया।
1,353.18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट के जरिए धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को नर्मदा नदी का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इस सौगात से क्षेत्र के लाखों किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है, क्योंकि लंबे समय से यहां पानी की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
देश को मिली 30 हजार करोड़ की सौगात
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज देश अपने राष्ट्रीय गौरव और विरासत को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों में जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक का भूमि-पूजन किया गया है, जिनकी कुल राशि करीब 30,000 करोड़ रुपये है।
उन्होंने अपने संबोधन में छोटा नागपुर के कोल आंदोलन, संथाल क्रांति और क्रांतिसूर्य टंट्या भील जैसे महान वीरों के बलिदान कोद याद करते हुए कहा कि आदिवासी समाज ने देश की स्वतंत्रता और संस्कृति की रक्षा में अभूतपूर्व योगदान दिया है।
गरीबी उन्मूलन और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि देश के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं, जिसमें एक बड़ा हिस्सा जनजातीय समाज का है। उन्होंने कहा कि अति पिछड़े आदिवासी गांवों के विकास के लिए 'पीएम जनमन योजना' और 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत 1 लाख करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और दूर-दराज के गांवों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदली है।
पानी की समस्या पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से होली-दीपावली जैसे सारे त्योहारों का आनंद दोगुना हो गया है। रहीम दास के दोहे 'रहिमन पानी राखिये...' का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पानी के अभाव में खेती अधूरी रहती है और गांवों से पलायन की मजबूरी पैदा होती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मां नर्मदा यहां से 7 किलोमीटर दूर हैं, लेकिन इस आधुनिक लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम के जरिए 58 किलोमीटर दूर तक पानी पहुंचाया जा रहा है, जिससे करीब 1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सरकार आदिवासियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिसके तहत टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय बनाने और भगौरिया को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मान्यता देने जैसे कदम उठाए गए हैं।