एक समय था जब पीएमओएस (pmos) को पीसीओएस कहा जाता था। नाम बदलने का उद्देश्य यह बताना है कि यह केवल ओवरी में सिस्ट बनने की समस्या नहीं, बल्कि हार्मोन, मेटाबॉलिज्म, त्वचा, मानसिक स्वास्थ्य और प्रजनन क्षमता को प्रभावित करने वाली स्थिति है। पीएमओएस से जूझ रही कई महिलाओं के मन में सवाल होता है कि क्या उम्र बढ़ने के साथ यह समस्या अपने आप ठीक हो जाती है? क्या 30-40 की उम्र में पीरियड्स नियमित होने लगते हैं और मेनोपॉज के बाद इसके लक्षण खत्म हो जाते हैं? विशेषज्ञ बताते हैं कि उम्र के साथ कुछ लक्षणों में सुधार हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि शरीर में मौजूद हार्मोनल और मेटाबॉलिक समस्याएं पूरी तरह खत्म हो जाती हैं।

क्या उम्र बढ़ने के साथ पीएमओएस अपने आप ठीक हो जाता है?

मैयोक्लीनिक के अनुसार पीएमओएस एक लंबे समय तक रहने वाली हार्मोनल और मेटाबॉलिक स्थिति है। इसमें इंसुलिन और एंड्रोजन जैसे हार्मोन के काम करने के तरीके में बदलाव हो सकता है। इसके कारण पीरियड्स अनियमित होना, ओव्यूलेशन में परेशानी, चेहरे पर अतिरिक्त बाल, मुहांसे और वजन बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
उम्र बढ़ने के साथ शरीर में हार्मोन का स्तर बदलता है। कुछ महिलाओं में एंड्रोजन का स्तर कम होने लगता है और पीरियड्स पहले की तुलना में नियमित हो सकते हैं। इससे पीएमओएस के कुछ लक्षण कम दिखाई देने लगते हैं। लेकिन बीमारी पूरी तरह खत्म हो गई है, ऐसा मानना सही नहीं है।

30 की उम्र के बाद पीरियड्स और ओव्यूलेशन में क्या बदलाव आ सकते हैं?


पीएमओएस में इंसुलिन रेजिस्टेंस और हार्मोनल असंतुलन के कारण ओवरी से हर महीने अंडा रिलीज होने यानी ओव्यूलेशन की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके कारण पीरियड्स देर से आना, कई महीनों तक न आना या लंबे और अनियमित मासिक चक्र जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लेकिन कुछ महिलाओं में 30 की उम्र के आसपास या उसके बाद पीरियड्स पहले से अधिक नियमित होने लगते हैं। ऐसा उम्र के साथ एंड्रोजन और ओवरी की गतिविधियों में होने वाले बदलावों के कारण हो सकता है।

एनसीबीआई के अनुसार एक स्टडी में 31 ऐसी महिलाओं को शामिल किया गया था जिन्हें पहले पीएमओएस की पहचान हुई था। करीब 10 साल बाद उनकी दोबारा जांच की गई। इसमें 55 प्रतिशत महिलाओं के पीरियड्स नियमित हो गए और 55 प्रतिशत महिलाएं दोबारा जांच के समय पहले वाले निदान के मानदंडों को पूरा नहीं कर रही थीं। हालांकि, यह छोटा अध्ययन था और इसके परिणाम हर महिला पर लागू नहीं किए जा सकते।

क्या 40 की उम्र के बाद एक्ने, फेशियल हेयर और सिर के बाल कमजोर होने लगते हैं?

पीएमओएस में एंड्रोजन हार्मोन का स्तर बढ़ने या उसके प्रति शरीर की संवेदनशीलता अधिक होने से चेहरे और शरीर पर अतिरिक्त बाल, मुहांसे तथा सिर के बाल पतले होने की समस्या हो सकती है। उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन और कुछ दूसरे एंड्रोजन हार्मोन का स्तर सामान्य रूप से कम होता है। इसका असर पीएमओएस से जुड़े कुछ लक्षणों पर भी पड़ सकता है। कुछ महिलाओं में 30-40 की उम्र के दौरान मुहांसे और चेहरे के अतिरिक्त बालों की समस्या कम हो सकती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ये लक्षण हर महिला में खत्म हो जाएंगे।

एनसीबीआई के अनुसार वर्ष 2023 में मेनोपॉज और पीएमओएस पर एक सिस्टमैटिक रिव्यू में पाया गया कि मेनोपॉज के बाद भी पीएमओएस से प्रभावित महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन और दूसरे एंड्रोजन हार्मोन का स्तर कंट्रोल ग्रुप की तुलना में अधिक रह सकता है।

उम्र बढ़ने पर पीएमओएस के लक्षण कम क्यों दिखाई देने लगते हैं?


इसका एक कारण शरीर में हार्मोनल बदलाव है। महिलाओं में उम्र बढ़ने के साथ ओवरी की गतिविधि, फॉलिकल्स की संख्या और एंड्रोजन का स्तर बदलता है। पीएमओएस के साथ भी कुछ महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम होने और ओव्यूलेशन में सुधार के कारण पीरियड्स अधिक नियमित हो सकते हैं।

पुराने एंडोक्राइन सोसाइटी क्लीनिकल प्रैक्टिस की गाइडलाइन में बताया गया है कि महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन का स्तर 20 से 40 वर्ष के बीच लगभग 50 प्रतिशत तक कम हो सकता है। पीएमओएस से प्रभावित महिलाओं में भी उम्र के साथ एंड्रोजन में गिरावट और मासिक धर्म की नियमितता में सुधार की रिपोर्ट मिली है। लेकिन लक्षणों में सुधार और बीमारी के पूरी तरह ठीक होने के बीच अंतर समझना जरूरी है। उदाहरण के लिए, पीरियड्स नियमित हो जाने के बावजूद इंसुलिन रेजिस्टेंस, वजन बढ़ने की प्रवृत्ति और ब्लड शुगर से जुड़ी समस्याएं बनी रह सकती हैं। इसलिए केवल बाहरी लक्षण देखकर यह निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि पीएमओएस खत्म हो गया है।

उम्र बढ़ने के साथ पीएमओएस के कुछ लक्षण कम हो सकते हैं। 30-40 की उम्र में कुछ महिलाओं के पीरियड्स अधिक नियमित हो सकते हैं और एंड्रोजन का स्तर भी घट सकता है। मेनोपॉज के बाद पीरियड्स और ओव्यूलेशन से जुड़ी समस्याएं स्वाभाविक रूप से समाप्त हो जाती हैं, लेकिन अतिरिक्त बाल, बालों का पतला होना और मेटाबॉलिक जोखिम बने रह सकते हैं। पीएमओएस को उम्र के साथ अपने आप ठीक हो जाने वाली बीमारी नहीं समझना चाहिए। नियमित जांच, संतुलित जीवनशैली और जरूरत के अनुसार इलाज से लंबे समय तक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।